नई दिल्ली: दिल्ली में सेवा संकल्प अभियान के तहत सीएम रेखा गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ 150 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान सीएम और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने आनंद विहार में प्रदूषण नियंत्रण उपायों की समीक्षा की। इसके अलावा दिल्ली के 5 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशनों का उद्घाटन किया गया।
इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा बढ़कर कितना हुआ?
दिल्ली में इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा बढ़कर लगभग 6,800 हो गया है। लक्ष्य इसे 14,000 बसों तक पहुंचाना है। इस पहल का उद्देश्य वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करना और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देना है।
सीएम रेखा ने एक्स पर पोस्ट की तस्वीरें, जानें क्या कहा
सीएम रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम की तस्वीरें अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट की और लिखा, "सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आज माननीय केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ आनंद विहार एवं आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण कम करने के लिए किए जा रहे विभिन्न कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही 150 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर डीटीसी के बेड़े में शामिल किया गया और पांच प्रमुख स्थानों पर सार्वजनिक EV चार्जिंग स्टेशनों का शुभारंभ किया गया।"
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "हमारी सरकार एक ओर लगातार नई इलेक्ट्रिक बसें जोड़ रही है, तो दूसरी ओर EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का भी तेजी से विस्तार कर रही है। हमारा संकल्प दिल्लीवासियों को स्वच्छ, आधुनिक और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, कैबिनेट सहयोगी मनजिंदर सिंह सिरसा, पंकज कुमार सिंह, विधायक ओम प्रकाश शर्मा सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।"
प्रदूषण को लेकर गंभीर रेखा गुप्ता सरकार
सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "प्रदूषण के हर हॉटस्पॉट पर पैनी नजर और हर समस्या पर त्वरित एक्शन के लिए दिल्ली सरकार द्वारा शास्त्री पार्क में नया इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) स्थापित किया गया है। यहां AI कैमरों, रियल-टाइम डेटा और GPS तकनीक से प्रदूषण नियंत्रण के कार्यों की 24×7 निगरानी की जा रही है। आज माननीय केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ इस सेंटर का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही PM 2.5 और PM 10 की सटीक निगरानी के लिए 13 नए CAAQMS स्टेशनों का उद्घाटन किया गया।"
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया, "केंद्र सरकार के सहयोग से हमारी सरकार प्रदूषण के हर प्रमुख स्रोत पर नियंत्रण के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, कैबिनेट सहयोगी मनजिंदर सिंह सिरसा, विधायक अरविन्दर सिंह लवली एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।"