1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. 'बीजेपी की साजिश की वजह से दिल्ली में आई बाढ़', AAP के बयान से सियासी गलियारों में हंगामा, ताजा हालात के बारे में भी जानें

'बीजेपी की साजिश की वजह से दिल्ली में आई बाढ़', AAP के बयान से सियासी गलियारों में हंगामा, ताजा हालात के बारे में भी जानें

 Published : Jul 15, 2023 04:49 pm IST,  Updated : Jul 15, 2023 04:49 pm IST

दिल्ली में बाढ़ की वजह से कई जगहों पर पानी भरा हुआ है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना खुद हालात का जायजा लेने के लिए सड़कों पर उतरे। इस बीच दिल्ली सरकार के एक मंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र और हरियाणा की सरकारों ने जानबूझकर राष्ट्रीय राजधानी की ओर पानी छोड़ा। जिससे बाढ़ आ गई।

Delhi Floods - India TV Hindi
दिल्ली में आई बाढ़ Image Source : PTI

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बाढ़ का प्रभाव दिखाई देने लगा है। इस बीच आम आदमी पार्टी के बयान से सियासी गलियारों में हंगामा मच गया है। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र और हरियाणा की सरकारों ने जानबूझकर राष्ट्रीय राजधानी की ओर पानी छोड़ा, जिसकी वजह से शहर में बाढ़ आई। भारद्वाज ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 3-4 दिन में दिल्ली में भारी बारिश नहीं हुई, फिर भी यमुना में जल स्तर 208.66 मीटर तक पहुंच गया। 

उन्होंने कहा, 'हथिनीकुंड बैराज से तीन नहरों पश्चिमी नहर, पूर्वी नहर और यमुना में पानी छोड़ा जाता है। नौ से 13 जुलाई के बीच षड़यंत्र के तहत यमुना नहर से केवल दिल्ली की ओर पानी छोड़ा गया। पश्चिमी और पूर्वी नहर में पानी नहीं छोड़ा गया।' 

इसी तरह के आरोप उन्होंने और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को लगाए थे। दिल्ली सरकार 'रेगुलेटर' टूटने को लेकर उपराज्यपाल वी.के.सक्सेना से भिड़ गई थी, जिसके कारण कथित तौर पर विकास मार्ग पर पानी भर गया था। आम आदमी पार्टी द्वारा शनिवार को लगाए गए ताजा आरोप पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। 

बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

दिल्ली में बाढ़ की मौजूदा स्थिति को देखते हुए मुख्य सचिव नरेश कुमार ने बचाव, राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए एलएएस और दानिक्स अधिकारियों को आदेश जारी किया है। आदेश सभी 11 जिलों और 33 उपमंडलों के लिए है।

मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में यमुना का जल स्तर धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। लेकिन फिर भी दिल्ली में कई हिस्सों में भर गया है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना खुद हालात का जायजा लेने के लिए सड़कों पर उतरे थे। (इनपुट: भाषा से भी) 

ये भी पढ़ें: 

सपा नेता आजम खान की बढ़ीं मुश्किलें, हेट स्पीच मामले में पाए गए दोषी, हुई इतने साल की सजा

फ्रांस के बाद अब अबू धाबी पहुंचे पीएम मोदी, प्रिंस अल नह्यान ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत`

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।