1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में रेड अलर्ट! दोपहर में बाहर न निकलें, पानी पीते रहें; 3 दिन बाद मिलेगी राहत

दिल्ली में रेड अलर्ट! दोपहर में बाहर न निकलें, पानी पीते रहें; 3 दिन बाद मिलेगी राहत

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 17, 2024 06:27 am IST,  Updated : Jun 17, 2024 07:25 am IST

दिल्ली में लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। अगले दिन तक देश की राजधानी में गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

Representative Image- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

देश की राजधानी दिल्ली में जमकर गर्मी पड़ रही है और मौसम विभाग ने लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। पहले ही मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया था, लेकिन अब हालात और भी बिगड़ गए हैं और रेड अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में बुधवार तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं दिख रही है। हालांकि, गुरुवार को तूफान के चलते तापमान में गिरावट आएगी। इसके बाद प्री-मानसून की बारिश राहत दे सकती है।

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 44.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 5.7 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने सोमवार को आसमान साफ रहने, गर्म हवाएं चलने, भीषण गर्मी, रात में गर्मी रहने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

35 दिन से पारा 40 के पार

रविवार-सोमवार की दरमियानी रात दिल्ली में तीसरी रात थी, जो बेहद गर्मी थी। वहीं, लगातार आठवें दिन शहर में लू चली। लगातार 35वें दिन शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार रहा। सोमवार के लिए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर चेतावनी दी है कि दोपहर के समय धूप में घूमने पर बीमार होने की आशंका बहुत ज्यादा है। इन हालातों में घर के अंदर रहना और लगातार पानी पीते रहना बेहद जरूरी होता है।

मानसून नहीं बढ़ रहा आगे

मौसम विभाग ने बताया है कि 11 जून के बाद से मानसून आगे नहीं बढ़ा है। इसी वजह से देश के मध्य और उत्तरी इलाकों में बेहद गर्मी पड़ रही है। दिल्ली में तेज हवाएं चल रही हैं, लेकिन इनमें नमी नहीं है और यह बेहद गर्म हैं। शहर के ऊपर हल्के बादल भी हैं, जो गर्मी को रोक कर रखते हैं। इससे शहर का तापमान और बढ़ रहा है। आमतौर पर 27-30 जून के बीच में मानसून दिल्ली पहुंचता है और इस बार भी इसी समय तक मानसून के दिल्ली पहुंचने की संभावना है। हालांकि, उससे पहले पश्चिमी विक्षोभ के कारण 19-20 जून को बारिश की उम्मीद जताई जा रही है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।