नई दिल्ली: 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) 2025 को दिल्ली मेट्रो की सर्विस सुबह 4 बजे से शुरू हो जाएगी। यह सर्विस सभी लाइनों पर शुरू होगी। दिल्ली मेट्रो स्वतंत्रता दिवस समारोह में विशेष अतिथियों, आमंत्रितों और आम जनता की सुविधा के लिए यह पहल कर रही है।
कितनी देर की अंतराल पर चलेगी मेट्रो?
DMRC ने इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति भी जारी की है। इसके मुताबिक सुबह 4 बजे से 6 बजे तक हर आधे घंटे के अंतराल पर दिल्ली मेट्रो की सर्विस उपलब्ध रहेगी। 6 बजे के बाद दिल्ली मेट्रो अपने नियमित समय सारिणी का पालन करते हुए परिचालन करेगी।
विशेष क्यूआर टिकट
जिन लोगों के पास स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने के लिए रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी किया गया वास्तविक निमंत्रण पत्र होगा, उन्हें डीएमआरसी द्वारा उपलब्ध कराए गए विशेष क्यूआर टिकटों का उपयोग करके समारोह स्थल तक आने-जाने की सुविधा प्रदान की जाएगी। इन लोगों से इस यात्रा पर कोई किराया नहीं लिया जाएगा। इस यात्रा की लागत रक्षा मंत्रालय द्वारा वहन किया जाएगा। रक्षा मंत्रालय द्वारा ही डीएमआरसी को इस यात्रा लागत की प्रतिपूर्ति की जाएगी।
पिंक लाइन पर बिना चालक के चलेगी मेट्रो
पिंक लाइन अब बिना चालक रहित होगी। मजलिस पार्क से शिव विहार मेट्रो स्टेशन तक पिंक लाइन मेट्रो में कोई चालक नहीं रहेगा। इसके साथ ही दिल्ली मेट्रो दुनिया के सबसे बड़े चालक रहित मेट्रो नेटवर्क में से एक बन जाएगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि दिल्ली मेट्रो की जनकपुरी पश्चिम और बॉटनिकल गार्डन को जोड़ने वाली मैजेंटा लाइन ने ‘अनअटेंडेड ट्रेन ऑपरेशंस’ (यूटीओ) का पूर्ण अनुपालन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है, जो एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
‘अनअटेंडेड ट्रेन ऑपरेशंस सिस्टम क्या है?
‘अनअटेंडेड ट्रेन ऑपरेशंस’ एक ऐसी प्रणाली है, जिसमें ट्रेन बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के स्वचालित रूप से चलती हैं। इसका मतलब है कि ट्रेन का चलना, रुकना, दरवाजों का खुलना व बंद होना और आपातकालीन स्थितियों का प्रबंधन, सभी स्वचालित रूप से होता है। उन्होंने बताया, “मैजेंटा लाइन पर ट्रेनों का पूरा बेड़ा अब यूटीओ पर चलता है।”
दिल्ली मेट्रो ने वर्ष 2020 में ‘अनअटेंडेड ट्रेन ऑपरेशंस’ की शुरुआत की थी। इसमें परिवर्तन चरणबद्ध तरीके से किया गया है, जिसे मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) द्वारा मंजूरी दी गयी है। दिल्ली मेट्रो ने अब पिंक लाइन मजलिस पार्क से शिव विहार (लाइन-सात) पर भी यूटीओ लागू करना शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि पिंक लाइन पर स्वचालन प्रक्रिया मार्च 2025 में शुरू हुई और जून 2025 तक दूसरे चरण में पहुंच गयी। अधिकारी ने बताया कि अगले तीन से चार महीनों में इसके पूरी तरह से चालक रहित हो जाने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया, “मैजेंटा और पिंक दोनों लाइनों पर यूटीओ लागू होने के साथ ही दिल्ली मेट्रो दुनिया के सबसे बड़े चालक रहित मेट्रो नेटवर्क में से एक बन जाएगी। दिल्ली-एनसीआर में कुल 395 किलोमीटर नेटवर्क में से 97 किलोमीटर पूरी तरह से स्वचालित कॉरिडोर होंगे।”