Delhi-NCR Crime News: गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। दिल्ली-NCR में आतंक का पर्याय बने चार शातिर बांग्लादेशी लुटेरों को गुरुग्राम पुलिस ने धर दबोचा है। ये वो शातिर अपराधी हैं जो भारत में आकर डकैती और लूट जैसी बड़ी वारदातों को अंजाम देते थे और फिर वापस बांग्लादेश भाग जाते थे। लेकिन इस बार गुरुग्राम पुलिस के चक्रव्यूह से ये बच नहीं पाए। पुलिस से बचने के लिए इन बदमाशों ने अंडरपास में छलांग लगा दी, जिसके बाद तीन आरोपियों के पैर और एक का हाथ टूट गया है।
खिड़की की ग्रिल काटकर घर में घुसे बदमाश, मां-बेटी को गन पॉइंट पर लेकर बंधक बनाया
पूरा मामला गुरुग्राम के पालम विहार इलाके का है। बीते 4 जून की रात सेक्टर-23 में इन चारों अज्ञात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाया। शातिर लुटेरे मकान के पीछे की खिड़की की लोहे की ग्रिल काटकर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने घर में मौजूद महिला और उसकी बेटी को गन पॉइंट पर लेकर बंधक बना लिया। जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने घर में रखे सोने-हीरे के जेवरात, भारी नकदी और अन्य कीमती सामान लूटा और मौके से रफूचक्कर हो गए। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पालम विहार थाने में मामला दर्ज किया गया और क्राइम ब्रांच को तफ्तीश सौंप दी गई है।
ऊंचाई से छलांग लगाते ही टूटे हाथ-पैर, अस्पताल में भर्ती कराए गए चारों आरोपी
गुरुग्राम की पालम विहार अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) ने तफ्तीश तेज की और खुफिया जानकारी के आधार पर बजघेडा अंडरपास, द्वारका रोड के पास इन चारों को घेर लिया। पुलिस को सामने देख बदमाशों में हड़कंप मच गया और उन्होंने भागने की कोशिश में सीधे अंडरपास में छलांग लगा दी। ऊंचाई से कूदने के कारण चारों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी खैरुल उर्फ अरमान के दोनों पैरों में फ्रैक्चर आया है, जबकि मामन और हिलाल का एक-एक पैर टूट गया है। वहीं चौथे आरोपी मामो खान का हाथ फ्रैक्चर हो गया है। पुलिस ने चारों को तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अवैध रूप से भारत में रह रहे थे बांग्लादेशी बदमाश, 3 राज्यों में दर्ज हैं 2 दर्जन से ज्यादा केस
पकड़े गए सभी आरोपी अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी नागरिक हैं, जो फिलहाल दिल्ली के वजीराबाद (संगम विहार) में ठिकाना बनाए हुए थे। इनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड देखकर पुलिस भी दंग है। इन चारों पर दिल्ली, हरियाणा और यूपी में दो दर्जन से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। मुख्य आरोपी हिलाल पर चोरी, डकैती और आर्म्स एक्ट के 12 मामले दर्ज है। वहीं मोहम्मद खैरुल अरमान पर हत्या, डकैती और गैंगस्टर एक्ट जैसे 8 संगीन मामले दर्ज है। मोहम्मद मामन पर 3 और मामो खान पर 1 आपराधिक मामला दर्ज है।
पॉश इलाकों में रेकी कर डालते थे डकैती
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि ये गैंग पहले पॉश इलाकों में बड़े मकानों की रेकी करता था। वारदात को अंजाम देने के बाद ये तुरंत बांग्लादेश भाग जाते थे। इस बार भी इनका प्लान लूटपाट कर बॉर्डर पार भागने का था, लेकिन गुरुग्राम पुलिस की मुस्तैदी ने इनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
रिपोर्ट- गोहित कौशिक
ये भी पढ़ें-
Delhi News: दिल्ली NCR में महिला के साथ अभद्रता और मारपीट, कार में मारी टक्कर; दो आरोपी गिरफ्तार