राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से गुरुवार को एक बेहद चौंका देने वाली वारदात सामने आई है। मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के दौरान दो यात्रियों के बैग से पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया है। अधिकारियों ने इस घटना के बारे में जानकारी दी है। जानकारी के अनुसार, मंडी हाउस मेट्रो स्टेशन पर सामान की स्क्रीनिंग के दौरान CISF के अधिकारियों को पिस्तौल के बारे में पता लग गया जिसके बाद तुरंत ही दोनों लोगों को हिरासत में ले लिया गया। दोनों को पूछताछ के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है।
कैसे पकड़ी गई पिस्तौल?
अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, हथियार के साथ पकड़े गए यात्रियों की पहचान राजवीर और गौरव के रूप में की गई है। दोनों उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले हैं। पिस्तौल और कारतूस कथित तौर पर उनके बैग में मिले थे। जब अधिकारियों द्वारा बैग को एक्स-रे बैगेज स्क्रीनिंग सिस्टम से स्कैन किया जा रहा था, तब पिस्तौल पकड़ी गई। मामले के सामने आते ही CISF ने तुरंत पुलिस को इस बारे में खबर दी।
पुलिस कर रही पूछताछ
अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वे हथियार क्यों ले जा रहे थे और उनके पास इस हथियार के लिए लाइसेंस या दस्तावेज थे या नहीं। पुलिस ने इस घटना को लेकर शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की बात कही है। इसके साथ ही आरोपियों की पृष्ठभूमि की पड़ताल भी की जा रही है और ये पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या हथियार का इस्तेमाल किसी गैर-कानूनी काम के लिए किया जाना था।
इधर नशे की बड़ी खेप पकड़ी गई
दूसरी ओर दिल्ली पुलिस ने नशे के कारोबार पर भी बड़ा वार किया है। दिल्ली की साउथ डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़े ऑपरेशन के दौरान 8.5 किलो हाई क्वालिटी की चरस ज़ब्त की है। जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस चरस की कीमत 9 करोड़ रुपये से ज्यादा है। दिल्ली पुलिस ने बताया है कि इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- पति ने फोन चेक कर लिया, फिर पत्नी छाती पर बैठ गई और दुपट्टे से गला घोंटकर मार डाला