1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. आठ सालों बाद गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में पड़ी इतनी गर्मी, IMD ने बताई वजह

आठ सालों बाद गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में पड़ी इतनी गर्मी, IMD ने बताई वजह

 Edited By: Amar Deep
 Published : Jan 27, 2025 08:21 am IST,  Updated : Jan 27, 2025 08:21 am IST

देशभर में इस बार 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। राजधानी दिल्ली में भी कर्तव्य पथ पर समारोह का आयोजन किया गया। हालांकि इस बार आठ सालों के बाद दिल्ली में इतनी ज्यादा गर्मी पड़ी है।

8 सालों बाद गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में पड़ी इतनी गर्मी।- India TV Hindi
8 सालों बाद गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में पड़ी इतनी गर्मी। Image Source : PTI

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बीते आठ वर्षों में पहली बार रविवार को गणतंत्र दिवस के दिन मौसम सबसे गर्म रहा। इस साल 26 जनवरी को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। इससे पहले 26 जनवरी 2017 को राजधानी में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बता दें कि पिछले कुछ वर्षों में 26 जनवरी को दिल्ली के तापमान में काफी उतार-चढ़ाव आया है।

क्यों पड़ रही इतनी गर्मी?

बीते सालों की बात करें तो वर्ष 1991 से इस दिन का अधिकतम दीर्घावधि औसत (एलपीए) 22.1 डिग्री सेल्सियस रहा है, लेकिन हाल के वर्षों में तापमान ठंडा रहा है। 2024 में तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस, 2023 में 17.3 डिग्री सेल्सियस और 2022 में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। आईएमडी ने दिल्ली में लगातार सामान्य से अधिक अधिकतम तापमान दर्ज किए जाने का कारण साफ आसमान और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं बताया। 

दिन में खिल रही धूप

‘स्काईमेट’ के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा, "हाल ही में पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने के बावजूद, दिन में धूप खिलने के कारण दिल्ली में अधिकतम तापमान पर अपेक्षाकृत कोई असर नहीं पड़ा है।" हालांकि, साफ आसमान रहने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट आई है। रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। इससे पहले शनिवार को 8.6 डिग्री सेल्सियस और शुक्रवार को 9.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया था। 

इस सप्ताह कैसा रहेगा मौसम

वहीं 28 जनवरी से एक नये पश्चिमी विक्षोभ के इस क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और वृद्धि होगी। आईएमडी के अनुसार, इस सप्ताह के अंत तक न्यूनतम तापमान 9-11 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके अलावा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 216 रहा, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। शनिवार को एक्यूआई 174 दर्ज किया गया था। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

कर्तव्य पथ पर MP की झांकी ने लोगों का जीता दिल, जानें CM मोहन यादव ने चीतों के महत्व पर क्या कहा

वायनाड के कई इलाकों में लगाया गया कर्फ्यू, 48 घंटे तक आवाजाही पर रहेगी रोक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।