1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली: एमसीडी चुनाव के दिन सुबह 4 बजे से शुरू हो जाएंगी ट्रेन सेवाएं

दिल्ली: एमसीडी चुनाव के दिन सुबह 4 बजे से शुरू हो जाएंगी ट्रेन सेवाएं

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Dec 02, 2022 12:55 pm IST,  Updated : Dec 02, 2022 12:56 pm IST

दिल्ली एमसीडी चुनाव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मतदान 4 दिसंबर को होगा। इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। लोगों को सहूलियत रहे, इसके लिए एमसीडी चुनाव के दिन अल सवेरे 4 बजे से ही ट्रेन सेवाएं शुरू हो जाएंगी।

Delhi Metro- India TV Hindi
Delhi Metro Image Source : FILE

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव के लिए होने वाले मतदान के दिन चार दिसंबर को मेट्रो की सभी लाइन पर ट्रेन सेवाएं तड़के चार बजे से शुरू होंगी। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एमसीडी के सभी 250 वार्डों में सुबह 8 बजे मतदान शुरू होगा और शाम साढ़े पांच बजे समाप्त होगा।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने एक बयान में कहा, 'चार दिसंबर को दिल्ली नगर निगम चुनाव के दिन दिल्ली मेट्रो की सभी लाइन पर ट्रेन सेवाएं तड़के चार बजे से शुरू होंगी।' बयान में कहा गया है, 'सुबह छह बजे तक सभी लाइन पर 30-30 मिनट के अंतराल पर ट्रेन चलेंगी। सुबह छह बजे के बाद रविवार की सामान्य समय सारिणी के अनुसार ट्रेन चलेंगी।'

गौरतलब है कि दिल्ली MCD चुनाव 2022 के लिए 4 दिसंबर को मतदान होगा और 7 दिसंबर इसके परिणामों की घोषणा की जाएगी। दिल्ली निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनाव आचार संहिता के तहत रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर पर रोक लगी हुई है।

एमसीडी चुनाव के लिए दिल्ली के 250 वार्ड तैयार हैं। यहां 70 विधानसभा हैं, 68 विधानसभा में 250 वार्ड हैं। 2011 की जनसंख्या के हिसाब से 42 सीट को SC के लिए रिजर्व किया है। कुल SC सीटों में से 21 सीटें SC महिलाओं के लिए रिजर्व हैं। कुल सीटों में से 104 सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व हैं।

बता दें कि एमसीडी चुनाव को लेकर बीजेपी, कांग्रेस और आम आादमी पार्टी के नेता विभिन्न वार्डों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। जनसभाएं कर रहे हैं। वहीं बीजेपी के तो राष्ट्रीय स्तर के नेता एमसीडी चुनाव की कमान संभाले हुए हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।