1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. Delhi Weather News: दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री दर्ज, कल धूल भरी आंधी चलने का अनुमान

Delhi Weather News: दिल्ली में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री दर्ज, कल धूल भरी आंधी चलने का अनुमान

 Published : May 03, 2022 09:42 pm IST,  Updated : May 03, 2022 09:42 pm IST

दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान के क्रमश: 27 डिग्री सेल्सियस और 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करने वाले एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

Delhi Heatwave- India TV Hindi
Delhi Heatwave Image Source : PTI

Delhi Weather News: राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मौसम विभाग ने चार मई को धूल भरी आंधी या तूफान की भविष्यवाणी की थी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शाम के समय हवा में आर्द्रता का स्तर 43 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसमें आंशिक रूप से बादल छाए रहने और चार मई को गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान वर्ष के इस समय के अनुसार सामान्य से दो डिग्री अधिक 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली की सफदरजंग वेधशाला में तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 12 साल में अप्रैल महीने में सर्वाधिक तापमान था। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण राजधानी से पुरवाई हवाएं चलने से रविवार को तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान के क्रमश: 27 डिग्री सेल्सियस और 40 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करने वाले एक पश्चिमी विक्षोभ के कारण राष्ट्रीय राजधानी में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया, ‘‘चार और पांच मई को एक और पश्चिमी विक्षोभ का पूर्वानुमान है। शहर में कम से कम दो से तीन दिनों तक लू चलने की संभावना नहीं है।’’ तापमान के छह मई तक 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में शाम को सात बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

(इनपुट- भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।