1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली-एनसीआर में अचानक बदला मौसम का मिजाज, धूल भरी आंधी के साथ कई इलाकों में बारिश

दिल्ली-एनसीआर में अचानक बदला मौसम का मिजाज, धूल भरी आंधी के साथ कई इलाकों में बारिश

 Published : May 31, 2025 05:27 pm IST,  Updated : May 31, 2025 05:52 pm IST

दिल्ली-नोएडा समेत पूरे एनसीआर में बारिश हो रही है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी चल रही हैं। बारिश की वजह से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

धूल भरी आंधी के साथ बारिश- India TV Hindi
धूल भरी आंधी के साथ बारिश Image Source : ANI

 नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है। दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश हो रही है। तेज हवाओं के साथ बारिश से एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं आंधी की वजह से कई जगहों पर पेड़ की गिरने की आशंका है।  

एनसीआर के इलाकों में भी बदला मौसम

दिल्ली के आरकेपुरम समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। वहीं, नोएडा और गाजियाबाद समेत एनसीआर के अन्य इलाकों में भी मौसम बदल गया है। यहां पर भी धूल भरी आंधी चल रही है और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश देखी जा रही है। 

दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

इससे पहले मौसम विभाग ने दिल्ली में कई स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश, बिजली चमकने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई थी। दिल्ली में बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में पालम हवाई अड्डे पर 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलीं, जो बढ़कर 37 किलोमीटर प्रति घंटे हो गईं।  

50-70 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार, 31 मई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने अगले कुछ घंटों के लिए तूफान की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम-दक्षिण-पूर्व दिशा से उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ रहे बादलों/बवंडर के समूह के कारण अगले एक से दो घंटों में दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी, जो कभी-कभी 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। 

लोगों को मिली गर्मी से राहत

बता दें कि पिछले कई दिनों से दिल्ली-एनसीआर में तेज गर्मी पड़ रही थी। गर्मी से लोग काफी परेशान थे। मौसम बदलने की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अगले 24 घंटे के दौरान भी लोगों को गर्मी से निजात मिलेगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।