1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में यमुना खतरे के निशान के करीब, भारी बारिश के बाद बढ़ा जलस्तर

दिल्ली में यमुना खतरे के निशान के करीब, भारी बारिश के बाद बढ़ा जलस्तर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 30, 2021 08:39 am IST,  Updated : Jul 30, 2021 11:53 am IST

भारी बारिश और हथनिकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ गया है। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जल स्तर ओल्ड रेलवे ब्रिज पर 203.37 मीटर पर दर्ज किया गया।’’

दिल्ली में यमुना खतरे के निशान के करीब, भारी बारिश के बाद बढ़ा जल स्तर - India TV Hindi
दिल्ली में यमुना खतरे के निशान के करीब, भारी बारिश के बाद बढ़ा जल स्तर  Image Source : ANI/TWITTER

नयी दिल्ली: भारी बारिश और हथनिकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ गया है। दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर  203.37 मीटर तक बढ़ गया जो खतरे के निशान 204.50 मीटर के करीब है। अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन ने मंगलवार को नदी के डूब क्षेत्र के करीब के निचले इलाकों में अलर्ट जारी किया था और चौबीसों घंटे स्थिति की निगरानी की जा रही है।

सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘जल स्तर ओल्ड रेलवे ब्रिज पर 203.37 मीटर पर दर्ज किया गया।’’ उन्होंने कहा कि दिल्ली और ऊपरी डूब वाले इलाकों में बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर है। हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथनीकुंड बैराज से नदी में और पानी छोड़ा जा रहा है। 

अधिकारी ने कहा, ‘‘पिछले 24 घंटों में पानी के बहाव की दर 1.60 लाख क्यूसेक पहुंच गयी जो इस साल के लिए सबसे अधिक है।’’ बैराज से छोड़े गए पानी को राजधानी पहुंचने तक आम तौर पर दो से तीन दिन लगते हैं। बृहस्पतिवार को सुबह दस बजे 85,879 क्यूसेक की दर से यमुना में पानी छोड़ा जा रहा था।

सामान्यत: हथनीकुंड बैराज से पानी के बहाव की दर 352 क्यूसेक होती है लेकिन डूब वाले इलाकों में भारी बारिश के बाद ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। एक क्यूसेक 28.32 लीटर प्रति सेकंड के बराबर होता है। अधिकारी ने बताया कि डूब वाले इलाकों में बारिश का अनुमान है अत: जल स्तर और बढ़ सकता है।

इनपुट-भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।