1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. नहीं थम रहा पिटबुल का आतंक! अब ठेला लगाने वाले के बेटे को काटा, कुत्ते के मालिक ने बचाने की कोशिश भी नहीं की

नहीं थम रहा पिटबुल का आतंक! अब ठेला लगाने वाले के बेटे को काटा, कुत्ते के मालिक ने बचाने की कोशिश भी नहीं की

 Written By: Vinay Trivedi
 Published : Sep 20, 2026 10:55 pm IST,  Updated : Sep 20, 2026 10:55 pm IST

फरीदाबाद में 7वीं क्लास के स्टूडेंट पर पिटबुल डॉग ने हमला कर दिया। पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान कुत्ते के मालिक ने उनके बेटे को बचाने की कोई कोशिश नहीं की।

Faridabad Pitbull Attack- India TV Hindi
फरीदाबाद में पिटबुल के हमले में सातवीं कक्षा का छात्र घायल। Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो)

दिल्ली-NCR में एक बार फिर पिटबुल कुत्ते का आतंक देखने को मिला है। दरअसल, फरीदाबाद के एनआईटी-3 में पिटबुल डॉग ने 7वीं क्लास के स्टूडेंट पर हमला करके उसे 16 जगहों पर काट लिया, जिससे वह गंभीर तौर पर घायल हो गया। इसके बाद, बच्चे के परिजन उसे बीके हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टर्स ने उसे एक बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया। स्टूडेंट का फिलहाल वहां इलाज किया जा रहा है।

दोस्त से बात करने रुका और तभी झपट पड़ा पिटबुल

बिरयानी का ठेला लगाने वाले जितेंद्र ने अपनी शिकायत में कहा कि शनिवार की शाम को उनका बेटा साइकिल लेकर बाहर निकला था। इसी दौरान, वह एक घर के सामने रुका और अपने दोस्त से बात करने लगा। तभी एक पिटबुल डॉग ने उसके ऊपर हमला कर दिया।

पिटबुल के मालिक ने बचाने की कोशिश भी नहीं की

जितेंद्र ने शिकायत में ये भी आरोप लगाया, 'कुत्ता उनके बेटे को लगातार काटता रहा। लेकिन पिटबुल के मालिक ने उनके बेटे को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। बाद में चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को अलग किया गया।'

पिटबुल ने शरीर पर 16 जगहों पर काटा

पीड़ित के पिता ने आगे कहा कि हमले में उनके बेटे के हाथ और पैरों सहित शरीर पर 16 जगह काटने के निशान मिले हैं। हमले के वक्त उनका बेटा जिस घर के बाहर खड़ा था, वहां रहने वाले ओम को पिटबुल डॉग का मालिक बताया गया है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

वहीं, इस मामले के इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने कहा, 'हमें शिकायत मिली है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।'

सोनीपत में 6 महीने के मासूम को पिटबुल ने काटा

इससे पहले हाल ही में, सोनीपत में भी पिटबुल डॉग के हमले की घटना सामने आई थी। तब 6 माह के बच्चे पर पिटबुल कुत्ता झपट पड़ा था। ये घटना CCTV में रिकॉर्ड हो गई थी। पिटबुल के हमले में मासूम और उसकी बुआ जख्मी हो गए थे। बाद में, गंभीर हालत में बच्चे को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया था।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- ‘मुझे न्याय चाहिए, मेरी पूरी बॉडी में टांके हैं, पत्नी ICU में', अंकित सभरवाल ने बयां किया दर्द; पिटबुल अटैक का VIDEO देख कांप उठेंगे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।