1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली की मंडोली जेल में कुख्यात गैंगस्टर ने किया सुसाइड, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव

दिल्ली की मंडोली जेल में कुख्यात गैंगस्टर ने किया सुसाइड, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव

 Reported By: Abhay Parashar Edited By: Mangal Yadav
 Published : Aug 16, 2025 01:54 pm IST,  Updated : Aug 16, 2025 02:21 pm IST

दिल्ली की मंडोली जेल में एक गैंगस्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जेल में अपराधी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

गैंगस्टर सलमान त्यागी की फाइल फोटो- India TV Hindi
गैंगस्टर सलमान त्यागी की फाइल फोटो Image Source : REPORTER INPUT

नई दिल्लीः दिल्ली की मंडोली जेल में सलमान त्यागी नाम के एक गैंगस्टर ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना जेल नंबर 15 में हुई और शनिवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है। सलमान त्यागी के खिलाफ हत्या, जबरन वसूली और मकोका के तहत कई मामले दर्ज हैं।

जेल संख्या 15 में बंद कुख्यात गैंगस्टर

जानकारी के अनुसार, सलमान त्यागी मंडोली जेल नंबर संख्या 15 में बंद था। सलमान ने चादर से फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। गैंगस्टर मकोका के एक केस में कन्विक्ट हुआ था। फिलहाल जेल प्रशासन और दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

चादर से लटका हुआ मिला शव

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सलमान त्यागी का शव उसकी कोठरी के अंदर एक चादर से लटका हुआ मिला। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र का सलमान कुख्यात अपराधी था। उसकी मौत ने जेल की सुरक्षा और प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद, जेल अधिकारियों ने विस्तृत जांच शुरू की और मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वरिष्ठ जेल अधिकारियों और संबंधित न्यायिक अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। यह देखना बाकी है कि यह आत्महत्या का मामला था या इसमें कोई गड़बड़ी थी। जांच पूरी होने के बाद ही तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।

पहले भी कैदी कर चुके हैं सुसाइड

इससे पहले दो जून 2023 को मंडोली जेल में एक कैदी ने अज्ञात पदार्थ का सेवन करके कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। मंडोली की जेल नंबर 13 में बंद 23 वर्षीय विचाराधीन कैदी को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था।

जेल में जबरन वसूली के आरोप में जेल के नौ अधिकारी निलंबित

वहीं, अभी हाल में ही दिल्ली हाई कोर्ट को बताया गया कि तिहाड़ जेल के नौ अधिकारियों को जेल के अंदर कैदियों के साथ मिलकर जबरन वसूली गिरोह चलाने के आरोप में निलंबित और स्थानांतरित कर दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।