1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली वालों के लिए खुशखबरी, अगले 2 महीने में सड़क पर उतारी जाएंगी 500 इलेक्ट्रिक बसें

दिल्ली वालों के लिए खुशखबरी, अगले 2 महीने में सड़क पर उतारी जाएंगी 500 इलेक्ट्रिक बसें

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : May 17, 2025 12:10 pm IST,  Updated : May 17, 2025 12:10 pm IST

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले में अगले 2 महीने में 500 नई इलेक्ट्रिक बसों को उतारा जाएगा। इसे लेकर परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बयान जारी किया है।

Good news for Delhiites 500 electric buses will be landed on the road in the next 2 months- India TV Hindi
अगले 2 महीने में सड़क पर उतारी जाएंगी 500 इलेक्ट्रिक बसें Image Source : PTI

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की सड़कों पर 500 नई इलेक्ट्रिक बसें दौड़ने को तैयार हैं। इस बीच दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने शुक्रवार को इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा कि आगामी दो महीनों में दिल्ली की सड़कों पर 500 नई इलेक्ट्रिक बसें उतारी जाएंगी। इलेक्ट्रिक बसों के सार्वजनिक परिवहन बेड़े में शामिल किए जाने को लेकर हुई समीक्षा बैठक में पंकज सिंह ने बताया कि इस साल के अंत तक सरकार कुल 1000 इलेक्ट्रिक बसों की दिल्ली की सड़कों पर उतारने वाली है।

दिल्ली में 1000 इलेक्ट्रिक बसों को लाने की तैयारी

अपने एक बयान में पंकज सिंह ने कहा, ‘‘हम सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को तेजी से बदलने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। अगले दो माह में दिल्ली की सड़कों पर 500 नयी इलेक्ट्रिक बसों उतारी जाएंगी तथा वर्ष के अंत तक 1,000 और बसें सड़कों पर होंगी जिससे सभी के लिए स्वच्छ, अधिक सुविधाजनक परिवहन विकल्प सुनिश्चित होंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘नयी इलेक्ट्रिक बसों को जल्द से जल्द शुरू किया जाना चाहिए, ताकि बिना देरी के लोगों को इसका लाभ मिल सके। इन बसों को सार्वजनिक परिवहन में शामिल करके हम दिल्ली को देश की ईवी राजधानी बनाने की दिशा में निर्णायक कदम उठा रहे हैं।’’ 

दिल्ली में पहले से चल रही हैं देवी बसें

बता दें कि हाल ही में दिल्ली में देवी इलेक्ट्रिक बसों को भी शामिल किया गया है। इन बसों की खासियत ये है कि इन्हें छोटे मार्गों यानी अधिकतम 12 किमी के दायरे में ही चलाया जा रहा है। बैठक में परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बस को आपूर्ति करने वाली कंपनियों के प्रतिनिधि (कन्साइनर) शामिल हुए। बैठक में ‘पीएमआई इलेक्ट्रो मोबिलिटी’, ‘स्विच मोबिलिटी’, ‘जेबीएम’ समेत अन्य प्रमुख बस कंपनियों के प्रतिनिधि और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद थे। सिंह ने बस कन्साइनर से अपील की कि वे इलेक्ट्रिक बसों की आपूर्ति में तेजी लाएं और सभी प्रमुख डिपो में ईवी चार्जिंग ढांचे के विकास को गति दें ताकि इन बसों के संचालन में कोई बाधा न आए।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।