1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. गुरुग्राम में ऑटो बना 'डबल डेकर', 3-सीटर में 24 से ज्यादा खिलाड़ी सवार; फ्लाईओवर पर खतरनाक सफर

गुरुग्राम में ऑटो बना 'डबल डेकर', 3-सीटर में 24 से ज्यादा खिलाड़ी सवार; फ्लाईओवर पर खतरनाक सफर

 Published : Sep 18, 2026 04:39 pm IST,  Updated : Sep 18, 2026 05:54 pm IST

गुरुग्राम में सोहना एलिवेटेड फ्लाईओवर से सामने आए एक वीडियो ने ट्रैफिक नियमों और सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ऑटो में दो दर्जन से ज्यादा लोग सवार नजर आए, जबकि इस फ्लाईओवर पर ऑटो की एंट्री प्रतिबंधित बताई गई है।

Gurugram auto viral video- India TV Hindi
गुरुग्राम ऑटो वायरल वीडियो Image Source : REPORTER INPUT

गुरुग्राम की सड़कों से एक ऐसी खौफनाक तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। इसमें देखा जा सकता है कि एक छोटे से ऑटो रिक्शा में क्षमता से कई गुना ज्यादा लोग सवार दिखाई दे रहे हैं। ऑटो के अंदर, पीछे लटककर और छत के ऊपर- जहां भी जगह दिखी, वहां लोग ठूंस-ठूंस कर भरे हुए थे। रात के अंधेरे में एलिवेटेड फ्लाईओवर पर इस तरह का सफर बेहद जोखिम भरा नजर आया। दिल्ली-एनसीआर में आए दिन सड़क हादसों की घटनाएं सामने आती हैं।  

3-सीटर ऑटो में 24 से ज्यादा खिलाड़ी

जानकारी के मुताबिक, जिस ऑटो का वीडियो सामने आया है, वह तीन सवारियों की क्षमता वाला ऑटो है, लेकिन उसमें 24 से ज्यादा लोग सवार दिखाई दिए। वीडियो में नजर आ रहे कि ऑटो में सवार सभी युवा खिलाड़ी हैं, जो अपना खेल खत्म करके वापस सोहना की तरफ लौट रहे थे। कुछ मिनट का यह सफर उनके लिए बेहद जोखिम भरा था, क्योंकि इतनी अधिक सवारियों के साथ ऑटो का संतुलन बिगड़ने की आशंका बनी रहती है। जीत या खेल का उत्साह अपनी जगह है, लेकिन चंद मिनटों के सफर के लिए इन खिलाड़ियों ने अपनी जिंदगी को दांव पर लगा दिया।

फ्लाईओवर पर ऑटो की एंट्री प्रतिबंधित

यह खतरनाक सफर गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड फ्लाईओवर पर तय किया जा रहा था, जहां ऑटो रिक्शा की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित है। बैन के बावजूद ऑटो के वहां पहुंचने से ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। यह महज ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि रात के अंधेरे में सीधे 'यमराज के दरबार' की टिकट कटाने जैसा है। जहां एक साधारण ऑटो रिक्शा को रातों-रात 'डबल डेकर गाड़ी' बना दिया गया।  

नंबर प्लेट भी नहीं आई नजर

वीडियो में ऑटो के आगे और पीछे नंबर प्लेट भी नजर नहीं आई। यानी एक तरफ वाहन में क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां थीं, वहीं दूसरी तरफ नंबर प्लेट न होने की बात भी सामने आ रही है। रात के अंधेरे में तेज रफ्तार फ्लाईओवर पर ऐसी स्थिति किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती थी। ऑटो का संतुलन जरा सा भी बिगड़ता, तो एक बड़ा भीषण हादसा होना तय था। 

कार्रवाई की उठ रही मांग

यह घटना न सिर्फ ऑटो चालक और सवारियों की लापरवाही को दर्शाती है, बल्कि गुरुग्राम की हाईटेक ट्रैफिक पुलिस पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। सड़क पर किया गया यह जानलेवा स्टंट किसी के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि सड़कों पर इस तरह का जोखिम भरा सफर दोबारा न देखने को मिले।

(रिपोर्ट- गोहित कौशिक)

ये भी पढ़ेंः  दिल्ली के रेस्टोरेंट में 'डेटिंग स्कैम' का भंडाफोड़! लड़की के जाल में फंसाकर ठगे हजारों रुपये, दो गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।