1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. एक ई-मेल से मचा हड़कंप! ISRO, NIA, एयर इंडिया फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला अरेस्ट

एक ई-मेल से मचा हड़कंप! ISRO, NIA, एयर इंडिया फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला अरेस्ट

 Written By: Kumar Sonu @Sonu_indiatv
 Published : Jul 03, 2026 09:23 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 09:23 pm IST

दिल्ली समेत देश के कई बेहद संवेदनशील संगठनों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। 29 जून को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। तकनीकी जांच और सर्विलांस के आधार पर दिल्ली पुलिस ने आरोपी को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। मामले की जांच अभी जारी है।

Hoax Bomb Threat- India TV Hindi
Hoax Bomb Threat Image Source : INDIA TV

राजधानी दिल्ली और देश के कई बेहद संवेदनशील संगठनों और एयर इंडिया की फ्लाइट कोको ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की झूठी धमकी (Hoax Bomb Threat) देने वाले एक शख्स को दिल्ली पुलिस ने ढूंढ निकाला है। तकनीकी जांच और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से ट्रैक किया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से मानसिक बीमारी से जूझ रहा है और उसका इलाज चल रहा है। इस मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। 

आरोपी के पास नहीं मिला संदिग्ध सामान या विस्फोटक 

डीसीपी नई दिल्ली के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी निशांत त्यागी 36 साल का है। पूछताछ में सामने आया कि निशांत ने ओपन स्कूलिंग से पढ़ाई की है। उसने साल 2010 में ग्रेजुएशन के लिए एडमिशन लिया था, लेकिन वह अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सका। डीसीपी नई दिल्ली के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी पिछले कई सालों से मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस को उसके पास से कोई भी संदिग्ध सामान या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।

इन संस्थानों को मिली थी धमकी

नई दिल्ली डीसीपी ने जानकारी दी कि बीते 29 जून 2026 को एक के बाद एक कई धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे। इन मेल्स में देश की सबसे सुरक्षित और संवेदनशील जगहों पर बम होने का झूठा दावा किया गया था, जिनमें इन जगहों के नाम शामिल थे:

  • राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) मुख्यालय
  • भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO)
  • न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCIL)
  • रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO)
  •  नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA)
  • नई दिल्ली से न्यूयॉर्क जाने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट 

सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट

इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था। तुरंत सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर पूरी जांच की गई, जिसके बाद साफ हुआ कि यह सिर्फ एक अफवाह थी।

ऐसे पहुंची पुलिस आरोपी तक

हालांकि, धमकी मिलने के बाद चाणक्यपुरी सब-डिवीजन के पुलिसकर्मियों की एक टीम बनाई गई। एसीपी अर्शदीप सिंह पंवार की देखरेख में और एसआई सुभाष के नेतृत्व में पुलिस ने टेक्निकल जांच शुरू की। दिल्ली पुलिस ने उन दो GMAIL अकाउंट्स को खंगाला, जिनसे मेल भेजे गए थे। तकनीकी विश्लेषण से उस मोबाइल नंबर का पता चला, जो इन ई-मेल अकाउंट्स से जुड़ा था।

गाजियाबाद से हुई गिरफ्तारी

फिर 30 जून को तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के संयोग नगर बैंक कॉलोनी पहुंची और निशांत त्यागी नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया। डीसीपी नई दिल्ली के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी निशांत त्यागी 36 साल का है। पूछताछ में सामने आया कि निशांत ने ओपन स्कूलिंग से पढ़ाई की है। उसने साल 2010 में ग्रेजुएशन के लिए एडमिशन लिया था, लेकिन वह अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सका।

दिल्ली पुलिस की जांच जारी

दिल्ली पुलिस की पूछताछ और जांच के दौरान पता चला कि निशांत साल 2008 से ही मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी बीमारी से जूझ रहा है। उसके परिवार ने भी पुलिस को बताया कि देश के कई बड़े और नामी अस्पतालों में उसका लंबे समय से इलाज चल रहा है। नई दिल्ली जिला पुलिस के डिप्टी कमिश्नर सचिन शर्मा के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने किन परिस्थितियों और किस मकसद से ये ई-मेल भेजे थे। जांच और सबूतों के आधार पर कानून के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली-NCR में रहते हैं? तो सर्विस ऐप से मेड बुलाने से पहले यह खबर पढ़ लें, 55 साल के बुजुर्ग के साथ हो गया कांड

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।