1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. करोल बाग के विशाल मेगा मार्ट में लगी भीषण आग, 2 लोगों की हुई मौत

करोल बाग के विशाल मेगा मार्ट में लगी भीषण आग, 2 लोगों की हुई मौत

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jul 05, 2025 07:04 am IST,  Updated : Jul 05, 2025 02:27 pm IST

दिल्ली के करोल बाग में स्थित विशाल मेगा मार्ट में भीषण आग लग गई। इस घटना में अब तक 2 लोगों की मौत हो गई। बता दें कि घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की टीम को आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

KAROL BAGH VISHAL MEG MART ACCIDENT- India TV Hindi
करोल बाग के विशाल मेगा मार्ट में लगी भीषण आग Image Source : PTI/INDIA TV

दिल्ली के करोल बाग में स्थित विशाल मेगा मार्ट में कल शाम भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। आग लगने की सूचना आनन-फानन में फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया जा सका। बता दें कि जब फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची तो बिल्डिंग के अंदर जाने और बाहर निकलने का केवल एक ही रास्ता था। बिल्डिंग की पहली और दूसरी मंजिल पर जाने के लिए सीढ़ी के रास्ते पर डिपार्टमेंटल स्टोर का सामान रखा था, इस कारण अंदर भरे धुएं को निकालने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को बाहर से दीवार तोड़ना पड़ा। 

2 लोगों की मौत

बता दें कि घटना के समय बिजली कट जाने की वजह से एक छात्र लिफ्ट में ही फंस गया, जिसकी मौत हो गई। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि इस हादसे में एक और अज्ञात जला हुआ शव पुलिस ने बरामद किया है। इस तरह इस घटना में अब तक 2 लोगों की मौत हो चुकी है।आग पर काबू पाने के बाद देर रात तक कूलिंग का काम चला। डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एमके चटोपाध्याय ने बताया, "शाम 6:44 बजे एक कॉल आया कि विशाल मेगा मार्ट मॉल में आग लग गई है। वहां पहुंचकर हमने देखा कि पूरी बिल्डिंग में आग लगी हुई थी। बेसमेंट, ग्राउंड+3 और ऊपर कुछ अस्थायी सेटअप में आग लगी हुई थी। हमारे अधिकारियों ने कोशिश की, लेकिन विशाल मेगा मार्ट की सीढ़ियों और वैकल्पिक सीढ़ियों पर स्टोर का ही सामान रखा गया था। इस कारण सीढ़ियां पूरी तरह भरी हुई थीं।

क्या बोले फायर ऑफिसर

उन्होंने बताया कि हमें ऊपर जाने का काई विकल्प नहीं मिला पाया और मुख्य स्थान जहां आग लगी हुई थी, वह पूरी तरह से जल रही थी। तीसरी मंजिल पर आग लगी हुई है, जहां तेल और घी जमा है। हमने बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, पहली मंजिल और दूसरी मंजिल समेत बाकी बिल्डिंग की आग बुझा दी है। आग लगने के दौरान बिजली कट गई थी। इस काऱण लिफ्ट में मौजूद एक व्यक्ति लिफ्ट के बीच में ही रुक जाने की वजह से उसमें फंस गया। हमने उसे भी बाहर निकाला जिसे अस्पताल भेजा गया। बता दें कि लिफ्ट में फंसे शख्स की मौत हो चुकी है।

पीड़ित के भाई रजत सिंह का बयान

पीड़ित के भाई ने इस घटना को लेकर बताया कि शुक्रवार की शाम 6.54 बजे विशाल मेगा मार्ट में आग लगी। तभी भाई का फोन आया था। मुझे बताया कि मैं लिफ्ट में फंसा हुआ हूं, यहां बहुत धुआं है, मुझे बचाओ। मैंने तभी विशाल मेगा मार्ट में फोन किया पर सभी स्टाफ मेंबर्स बिजली बंद करके वहां से भाग गए थे। मैंने पिर पुलिस को फोन किया तो उन्होंने कहा कि य हां कोई नहीं फंसा है। आग बुझने के बाद रात 2.30 बजे मेरे भाई की बॉडी निकाली गई। विशाल मेगा मार्ट और पुलिस की लापरवाही है, किसी ने हमारी मदद नहीं की। बता दें कि मृतक की पहचान कुमार धीरेंद्र प्रताप सिंह (25) के रूप में हुई है जो कि एक यूपीएससी अभ्यर्थी थे। मृतक के भाई ने कहा कि मेरा भाई करोल बाग में पढ़ाई कर रहा था। करोल बाग पुलिस स्टेशन ने हमें 10 बजे सुबह FIR करने के लिए बुलाया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।