Highlights
- करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर पर 40 दिन तक चरणबद्ध तरीके से ट्रैफिक प्रभावित रहेगा।
- 9 अक्टूबर तक करमपुरा-कीर्ति नगर और फिर विपरीत कैरिजवे रहेगा बंद।
- शाहीन बाग में 22 लाख रुपये की लागत से यू-टर्न बनाकर सिग्नल हटाया जाएगा।
नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर पर मरम्मत का काम शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग यानी कि PWD ने इस काम को पूरा करने के लिए 40 दिन का समय तय किया है। इस दौरान करमपुरा शिवदास पुरी रोड से कीर्ति नगर रोड (पटेल रोड) होते हुए शादीपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को इस रूट से बचने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
2 चरणों में बंद होगा करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा। पहले चरण में 9 अक्टूबर तक करमपुरा से कीर्ति नगर की ओर जाने वाला कैरिजवे बंद रहेगा। इसके बाद 10 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक कीर्ति नगर से करमपुरा की ओर जाने वाला कैरिजवे बंद रहेगा। हालांकि, इस दौरान सर्विस रोड वाहनों के लिए खुली रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें। जाम से बचने के लिए डायवर्जन साइन और ट्रैफिक निर्देशों का पालन करना जरूरी होगा।
शाहीन बाग में बनेगा यू-टर्न, सिग्नल से मिलेगी राहत
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के शाहीन बाग के पास रोड नंबर 13-ए पर ट्रैफिक को सिग्नल फ्री करने के लिए यू-टर्न बनाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी इस काम पर करीब 22 लाख रुपये खर्च करेगा। फिलहाल शाहीन बाग के पास ट्रैफिक सिग्नल के कारण इस सड़क पर लंबा जाम लगता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जाम की समस्या कम करने के लिए सिग्नल हटाकर यू-टर्न बनाने का सुझाव दिया था। अधिकारियों के मुताबिक, इस काम को करीब 2 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। यू-टर्न बनने के बाद इस हिस्से में वाहनों की आवाजाही को ज्यादा सुगम बनाने की कोशिश की जाएगी।
फ्लाईओवर निर्माण से आउटर रिंग रोड पर जाम
दक्षिणी दिल्ली में कालकाजी और मोदी फ्लाईओवर के निर्माण कार्य के कारण आउटर रिंग रोड पर भी वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। सुबह और शाम के पीक आवर में लोगों को करीब 30 मिनट से एक घंटे तक जाम में फंसना पड़ रहा है। निर्माण स्थल के आसपास पीडब्ल्यूडी और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से किए जा रहे इंतजाम भी जाम को पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्माण के दौरान सड़क पर कम से कम जगह घेरकर काम किया जाए, ताकि वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।
आउटर रिंग रोड पर कालकाजी फ्लाईओवर को डबल करने और इसे मोदी मिल फ्लाईओवर से जोड़ने का काम चल रहा है। इसी वजह से कालकाजी पुल को बंद किया गया है। ओखला एनआईसी बस स्टॉप के पास निर्माण कार्य के कारण बॉटलनेक बन गया है और सड़क के दोनों तरफ की दो-दो लेन प्रभावित हुई हैं।
कट खोलने के बाद भी नहीं थमा जाम
लाजपत नगर, गढ़ी गांव और ईस्ट ऑफ कैलाश की तरफ जाने वाले वाहनों को राहत देने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मोदी मिल फ्लाईओवर से उतरते ही कैप्टन गौड़ मार्ग की तरफ जाने वाला कट खोला था। हालांकि, इस व्यवस्था के बावजूद इस इलाके में जाम की समस्या बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में करमपुरा-मोती नगर फ्लाईओवर के साथ-साथ कालकाजी-मोदी फ्लाईओवर निर्माण क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों को भी अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर चलने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें: दहल गई दिल्ली! 2 अलग-अलग इलाकों में रेप और गैंगरेप की वारदात, पुलिस ने शुरू किया एक्शन