Malviya Nagar Fire: दिल्ली के मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में हुए भयानक अग्निकांड में मृतकों की संख्या बढ़कर अब 21 से 22 हो गई है। जानकारी के अनुसार, होटल फ्लोरिश स्टे की आग में गंभीर रूप से झुलस गए एक और पीड़ित ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस नई मौत के बाद मालवीय नगर अग्निकांड में जान गंवाने वालों का कुल आंकड़ा 22 तक पहुंच गया है।
इलाज के दौरान 1 घायल की मौत
दरअसल, मालवीय नगर आग हादसे के बाद कई घायलों को अलग-अलग हॉस्पिटल्स में एडमिट कराया गया था, जहां उनका इलाज जारी था। इन घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसको बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। प्रशासन ने अब इसकी पुष्टि करते हुए मौतों की संख्या 22 होने की जानकारी दे दी है।
जान बचाने खिड़की से कूद गए थे कुछ लोग
गौरतलब है कि मालवीय नगर के हौज रानी में हुए इस होटल अग्निकांड ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। होटल फ्लोरिश स्टे में लगी आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते उसने बिल्डिंग के हिस्से को अपने आगोश में ले लिया। आग लगने की खबर मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम, पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन किया था। इस दौरान, 20 से ज्यादा लोगों को बाहर निकाला गया था, जबकि कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए होटल की खिड़की से भी कूद गए थे। गंभीर रूप से घायल इन लोगों को तुरंत अस्पताल में भिजवाया गया था।
आग लगने के कारण की हो रही जांच
होटल फ्लोरिश स्टे में आग हादसे की वजह की जांच जारी है। आग होटल में कैसे लगी थी और किस कारण से इतनी तेजी से फैली, इसकी पड़ताल हो रही है। शुरुआती जांच में सिलेंडर फटने की बात कही गई थी। हालांकि, अब जांच एजेंसियां घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों और तकनीकी रिपोर्टों के आधार पर पड़ताल कर रही हैं। वहीं, प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध देने का आश्वासन दिया है।
ये भी पढ़ें- दिल्ली: न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के 3 मंजिला घर में भीषण आग, फायर ब्रिग्रेड ने समय रहते 8 लोगों को किया रेस्क्यू