1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सोशल मीडिया पर दोस्ती, महिला को दिया बेटे की नौकरी का झांसा, 3 लाख ठगने वाला फर्जी IGI Airport कर्मचारी गिरफ्तार

सोशल मीडिया पर दोस्ती, महिला को दिया बेटे की नौकरी का झांसा, 3 लाख ठगने वाला फर्जी IGI Airport कर्मचारी गिरफ्तार

 Published : Aug 08, 2026 05:53 pm IST,  Updated : Aug 08, 2026 05:53 pm IST

दिल्ली में आईजीआई एयरपोर्ट (IGI Airport) का कर्मचारी बनकर महिला से ठगी करने का मामला सामने आया है। 32 वर्षीय आरोपी ने उसके बेटे को केबिन क्रू की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए महिला के संपर्क में आया था।

Job Scam- India TV Hindi
केबिन क्रू की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 3 लाख ठगे Image Source : प्रतीकात्मक तस्वीर/INDIA TV

दिल्ली में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है। पुलिस ने 32 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) का कर्मचारी बनकर एक महिला से 3 लाख रुपये से ज्यादा ठगने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला के 20 वर्षीय बेटे को केबिन क्रू की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बाद उसने सिक्योरिटी डिपॉजिट, दस्तावेज और भर्ती प्रक्रिया के नाम पर अलग-अलग समय पर पैसे लिए।

सोशल मीडिया से संपर्क

पुलिस के मुताबिक, महिला जुलाई 2024 में सोशल मीडिया के जरिए आरोपी के संपर्क में आई थी। आरोपी ने कथित तौर पर खुद को एयरपोर्ट कर्मचारी बताया और महिला के बेटे को केबिन क्रू की नौकरी दिलाने की पेशकश की।

अलग-अलग बहाने से मांगे पैसे

नौकरी का भरोसा दिलाने के बाद आरोपी ने महिला से अलग-अलग मदों में पैसे मांगे। इनमें सिक्योरिटी डिपॉजिट, डॉक्यूमेंटेशन चार्ज और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े खर्च शामिल थे। पुलिस के अनुसार, महिला ने 17 सितंबर से 26 दिसंबर 2024 के बीच 16 यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए आरोपी को कुल 3.03 लाख रुपये ट्रांसफर किए।

पैसे लेने के बाद संपर्क बंद

दिल्ली पुलिस ने बताया कि रकम मिलने के बाद आरोपी ने महिला के बेटे के लिए नौकरी की व्यवस्था नहीं की। कुछ समय बाद उसने महिला से बातचीत भी बंद कर दी और सोशल मीडिया पर उसे ब्लॉक कर दिया।

6 अगस्त को हुई गिरफ्तारी

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और वित्तीय लेन-देन की जांच शुरू की। इसके साथ ही आरोपी का पता लगाने के लिए फील्ड वेरिफिकेशन भी किया गया। जांच के आधार पर पुलिस ने राजीव कुमार को 6 अगस्त को मधु विहार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी वहां एक रिटेल स्टोर में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करता था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसने नौकरी की तलाश कर रहे लोगों का भरोसा जीतने और उनसे पैसे लेने के लिए जानबूझकर एयरपोर्ट कर्मचारी होने का झूठ बोला था।

मोबाइल और बैंक दस्तावेज बरामद

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित अपराध से जुड़े चैट डिलीट कर दिए थे और उस सिम कार्ड को भी नष्ट कर दिया था, जिसका इस्तेमाल कथित ठगी में किया गया। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और ठगी की रकम से जुड़े बैंक दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

(इनपुट- पीटीआई)

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में गिरी पार्किंग की दीवार, मलबे में दबकर 10 गाड़ियां हुई तबाह; जलभराव से हुआ हादसा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।