1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में बेखौफ बदमाश, भाई के सामने ही युवक की गोली मारकर कर दी हत्या और हो गए फरार

दिल्ली में बेखौफ बदमाश, भाई के सामने ही युवक की गोली मारकर कर दी हत्या और हो गए फरार

 Published : Dec 03, 2024 09:14 am IST,  Updated : Dec 03, 2024 11:07 am IST

इस घटना के बाद से इलाके के लोग काफी डरे हुए हैं। वारदात के बाद दिल्ली पुलिस इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इस मामले पर स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

युवक की गोली मारकर ली जान- India TV Hindi
युवक की गोली मारकर ली जान Image Source : FILE PHOTO

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में मामूली बात पर हुए विवाद के बाद 19 वर्षीय एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार देर रात की है। मृतक की पहचान पंकज के रूप में हुई है।

तीन लोगों से हुआ था झगड़ा

मृतक के भतीजे ने बताया कि पंकज का मंगोलपुरी के के ब्लॉक के तीन लोगों से झगड़ा हुआ था। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं पता कि वे क्यों लड़ रहे थे, लेकिन जब मैंने अपने चाचा (पंकज) को वहां देखा, तो मैंने बीच-बचाव किया। हमलावरों के पास पिस्तौल थी। उन्होंने उन पर गोलियां चलाईं और भाग गए।'

आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित

वहीं, इस पूरे मामले पर पुलिस ने कहा कि उन्होंने एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गईं है। वारदात वाले इलाके की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। इस मामले पर स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

हिट-एंड-रन मामले में आरोपी गिरफ्तार

वहीं, दूसरी ओर दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में अफ्रीका एवेन्यू रोड के पास हिट-एंड-रन की घटना में शामिल 29 वर्षीय व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस घटना में ड्यूटी पर तैनात एक महिला कांस्टेबल घायल हो गई थी।

कार भी की गई जब्त

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान जनकपुरी निवासी राघव गुप्ता के रूप में हुई है तथा दुर्घटना में शामिल उसकी कार को जब्त कर लिया गया है। घटना 18 नवंबर की है, जब आरके पुरम थाने में तैनात महिला कांस्टेबल सरोजिनी नगर डिपो के पास अपनी ड्यूटी पर जा रही थी। शाम करीब सवा पांच बजे सड़क पार करते समय उसे एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी थी।

पीटीआई के इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।