नई दिल्ली के दल्लूपुरा इलाके में रविवार को एक प्लाईवुड गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। 3,000 वर्ग मीटर में बने इस विशाल गोदाम में भारी मात्रा में प्लाईवुड का स्टॉक रखा हुआ था, जिससे लपटें तेजी से फैलीं और देखते ही देखते पूरा गोदाम आग के गोले में तब्दील हो गया। आसमान में उठ रहे धुएं के गहरे गुबार को दूर-दूर से देखा जा सकता है, जिससे पूरे इलाके के निवासियों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 25 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर विभाग के सीनियर ऑफिसर भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। सुरक्षा के लिहाज से दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने गोदाम के आसपास बने घरों को एहतियातन खाली करवा लिया है।
डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एम.के. चट्टोपाध्याय ने कहा, 'फिलहाल किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, आग की शुरुआती सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे हमारे एक स्टेशन ऑफिसर ने इसे बुझाने का काफी प्रयास किया। इस दौरान अत्यधिक और घने काले धुएं की चपेट में आने (धुआं सांस के साथ अंदर जाने) से उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया है। अभी उनकी मौजूदा स्थिति की जानकारी नहीं मिल पाई है।
उन्होंने आगे बताया कि हमें दोपहर करीब 3:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआत में हमने 4 से 5 गाड़ियां मौके पर रवाना की थीं। लेकिन बाद में आग की गंभीरता को देखते हुए इसे 'मीडियम कैटेगरी' की श्रेणी में डाला गया और गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 25 से अधिक कर दी गई। गोदाम के चारों तरफ से प्रवेश का रास्ता न होने के कारण आग बुझाने में थोड़ा समय लगेगा। फिलहाल हम सामने की तरफ से ही वॉटर कैनन और दमकलकर्मियों के जरिए आग पर काबू पाने में जुटे हैं। बीच का हिस्सा (शेड) ढह जाने के कारण ऑपरेशन में काफी मुश्किलें आ रही हैं। इसके बावजूद हमारे दमकलकर्मी पूरी ताकत और निष्ठा के साथ डटे हुए हैं, जल्द ही आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया जाएगा।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली की फैक्टरी में लगी आग, घबराकर बगल की इमारत से कूदे लोग; 6 घायल