MCD zone Election Results: दिल्ली में BJP की जीत का सिलसिला जारी, वार्ड समिति चुनाव में भी AAP को हराया
MCD zone Election Results: दिल्ली में BJP की जीत का सिलसिला जारी, वार्ड समिति चुनाव में भी AAP को हराया
Edited By: Kajal Kumari@lallkajal
Published : Jun 03, 2025 08:57 am IST,
Updated : Jun 03, 2025 08:57 am IST
दिल्ली में सोमवार को नगर निगम के सभी वार्ड कमेटी का चुनाव संपन्न हुआ और उसके नतीजे भी सामने आ गए हैं। इस चुनाव में भी भाजपा को जीत मिली है और आम आदमी पार्टी को कई सीटों पर हार मिली है। जानें कैसा रहा रिजल्ट?
Image Source : FILE PHOTO
दिल्ली में वार्ड कमेटी चुनाव में भाजपा की जीत
दिल्ली में सोमवार को नगर निगम के सभी वार्ड कमेटी का चुनाव नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में संपन्न हो गया और फिर अब चुनावों के नतीजे भी सामने आ गए हैं। कुल 12 जोनों में हुए इन चुनावों में भाजपा को बड़ी जीत मिली है और पार्टी ने ज़्यादातर ज़ोन पर अपना दबदबा कायम किया है, वहीं दूसरी ओर सत्ता में रही अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने 4 ज़ोन में चेयरमैन और 3 जोन में डिप्टी चेयरमैन पदों पर जीत दर्ज की है। वहीं इस चुनाव में कई जोनों में उम्मीदवारों को निर्विरोध जीत मिली, जिससे इन जोन में मुकाबला एकतरफा रहा।
स्थायी समिति की कुर्सी पर भाजपा का कब्जा?
नगर निगम सचिवालय द्वारा घोषित परिणामों के अनुसार, भाजपा ने आठ क्षेत्रों में अध्यक्ष पद हासिल किया है जिसमें मध्य, दक्षिण, शाहदरा उत्तर, शाहदरा दक्षिण, केशवपुरम, सिविल लाइंस, नरेला और नजफगढ़ शामिल हैं तो वहीं आम आदमी पार्टी ने सिटी सदर पहाड़गंज, करोल बाग, पश्चिम और रोहिणी क्षेत्रों में जीत हासिल की है। 18 में से 11 सदस्यों के साथ, भाजपा के 12 जून को स्थायी समिति की कुर्सी हासिल करने की संभावना है।
किस जोन में किसे मिली जीत
सिटी एसपी ज़ोन में 'आप' के विकास को चेयरमैन, पूजा को डिप्टी चेयरमैन और राफिया महिर को स्टैंडिंग कमेटी सदस्य के रूप में निर्विरोध चुना गया।
करोल बाग ज़ोन में 'आप' के पुनीत राय और कविता चौहान को चेयरमैन व डिप्टी चेयरमैन पद पर कोई चुनौती नहीं मिली और केशवपुरम ज़ोन में भाजपा के विकेश सेठी और अजय रवि हंस को भी निर्विरोध जीत मिली है।
नजफगढ़ ज़ोन में भाजपा की सविता ने 20 में से 15 वोट पाकर चेयरमैन पद पर जीत दर्ज की, जबकि डिप्टी चेयरमैन बने देवेंद्र।
शाहदरा साउथ ज़ोन में भाजपा उम्मीदवार रामकिशोर शर्मा चेयरमैन पद पर निर्वाचित हुए हैं, जबकि राजू सचदेवा पर डिप्टी चेयरमैन पद पर जीत मिली है।
शाहदरा नॉर्थ में पुनीत शर्मा और मुकेश कुमार बंसल (भाजपा) को 32 में से 20 वोट मिले हैं, पुनीत शर्मा चेयरमैन बने हैं जबकि मुकेश कुमार बंसल डिप्टी चेयरमैन बने हैं।
साउथ ज़ोन में भाजपा के उमेद सिंह ने 10 वोट लेकर जीत हासिल की, वहीं डिप्टी चेयरमैन अनीता और स्टैंडिंग कमेटी सदस्य जगमोहन मेहलावत भी भाजपा से चुने गए।
नरेला ज़ोन में भाजपा की बबीता और जनता देवी को 19 में से 13 वोट मिले।
सिविल लाइन्स ज़ोन में गुलाब सिंह और सुमन कुमारी (भाजपा) को 18 में से 11 वोट मिले।
रोहिणी जोन में चेयरमैन पद 'आप' के अमृत जैन ने 11 वोटों से जीत दर्ज की, जबकि डिप्टी चेयरमैन भाजपा के नरेंद्र कुमार सिंह बने।
वेस्ट ज़ोन में 'आप' की निर्मला कुमारी ने 14 वोटों के साथ चेयरमैन और साहिल गंगवाल ने 13 वोटों के साथ डिप्टी चेयरमैन का पद जीता।
सेंट्रल जोन में भाजपा की योगिता सिंह को निर्विरोध चेयरमैन चुना गया क्योंकि 'आप' की उम्मीदवार सारिका ने नाम वापस ले लिया था। वहीं डिप्टी चेयरमैन पद पर भाजपा की मंजू देवी भी निर्विरोध चुनी गईं। अध्यक्ष के पद पर रामकिशोर शर्मा, डिप्टी अध्यक्ष पद पर राजू सचदेवा ने जीत दर्ज की।
पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां