दिल्ली के सरोजिनी नगर इलाके में टैक्सी स्टैंड के पास मानसिक रूप से बीमार व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान उत्तराखंड निवासी 46 वर्षीय रवींद्र मेहता के रूप में हुई है। पुलिस को बुधवार को तिकोना पार्क NDMC (नई दिल्ली नगरपालिका परिषद) टैक्सी स्टैंड पर पेड़ से एक व्यक्ति के लटके होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और मेहता को पेड़ से रस्सी से लटका हुआ पाया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और व्यक्ति को सफदरजंग अस्पताल भेज दिया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पत्नी ने क्या बताया?
पुलिस ने बताया कि रवींद्र मेहता अपने पैतृक गांव के ग्राम पंचायत कार्यालय में अपर डिवीजन क्लर्क (UDC) के पद पर कार्यरत था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मेहता मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए इलाज करा रहा था और एक दिन पहले ही अपनी पत्नी के साथ दिल्ली आया था। उसकी पत्नी ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और चाणक्यपुरी में इलाज के लिए आया था।
CCTV में प्लास्टिक बैग लेकर घूमते दिखा मृतक
पुलिस ने बताया कि परिवार को किसी भी तरह की गड़बड़ी का संदेह नहीं है और उनके बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की और पाया कि घटना के समय मेहता अकेले ही प्लास्टिक बैग लेकर घटनास्थल के पास घूम रहा था। बयान में कहा गया है कि फिलहाल, किसी गड़बड़ी का संदेह नहीं है। प्रथम दृष्टया, यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है। आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें-
सुनसान जगह पर लोगों ने सुनी महिला के चीखने की आवाज, पास जाकर देखा तो उड़े होश; पुलिस भी उलझी
हरिद्वार: 4 साल की बच्ची का मनसा देवी मंदिर के पास टनल में मिला शव, हत्या से पहले रेप की आशंका