1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. मार्च में कंपा रही दिल्ली की ठंड, बारिश ने गिराया तापमान; सुबह-सुबह छाया कोहरा

मार्च में कंपा रही दिल्ली की ठंड, बारिश ने गिराया तापमान; सुबह-सुबह छाया कोहरा

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Mar 21, 2026 11:27 am IST,  Updated : Mar 21, 2026 11:27 am IST

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। यहां बारिश की वजह से तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। इसके अलावा दिल्ली के एक्यूआई में भी काफी सुधार देखने को मिला है।

नोएडा में सुबह-सुबह दिखा कोहरा। - India TV Hindi
नोएडा में सुबह-सुबह दिखा कोहरा। Image Source : PTI

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। बीते कई दिनों से हो रही बारिश की वजह से अचानक से दिल्ली-एनसीआर में ठंड लौट आई है। यहां सुबह-सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में घरा कोहरा भी देखने को मिला। राजधानी दिल्ली में शनिवार सुबह ठंडी हवाएं चलने के बीच न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस कम है। इससे पहले दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 

कैसा रहेगा आज का मौसम?

आईएमडी के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दरअसल, दिल्ली में शुक्रवार को 7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी, लेकिन शनिवार सुबह बारिश नहीं हुई। शहर में इस महीने 16.2 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई, जिससे यह 2023 के बाद सबसे अधिक वर्षा वाला मार्च का महीना बन गया है। 2023 में औसत बारिश 50.4 मिलीमीटर हुई थी। पूर्वानुमान के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण सोमवार को दिल्ली में बहुत हल्की बारिश होने और गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है।

दिल्ली में कहां कितना तापमान

राजधानी दिल्ली में अलग-अलग जगहों पर तापमान की बात करें तो सफदरजंग केंद्र में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 9.6 डिग्री कम है। यह आठ मार्च 2020 के बाद मार्च का सबसे ठंडा दिन रहा जब 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। बारिश की वजह से दिल्ली के एक्यूआई में भी सुधार आया है। दिल्ली का एक्यूआई शनिवार को सुबह आठ बजे 94 दर्ज किया गया, जो कि संतोषजनक श्रेणी में आता है। 

एयर क्वालिटी में आया सुधार

दरअसल, राजधानी दिल्ली में करीब पांच महीने बाद लोगों को स्वच्छ हवा में सांस लेने का मौका मिला है। इससे पहले दिल्ली में ऐसी वायु गुणवत्ता 09 अक्टूबर 2025 को दर्ज की गई थी जब एक्यूआई 99 था। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार शनिवार से 23 मार्च तक वायु गुणवत्ता के 'मध्यम' श्रेणी में रहने की संभावना है। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार AQI को शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है। 

यह भी पढ़ें-

TMC ने जारी की प्रत्याशियों की पहली लिस्ट, असम में 17 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान; देखें किसे कहां से मिला टिकट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।