1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. न्‍यूज
  4. दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर बम की अफवाह, 70 मिनट के लिए प्रभावित रहा परिचालन

दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर बम की अफवाह, 70 मिनट के लिए प्रभावित रहा परिचालन

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 13, 2019 06:41 am IST,  Updated : Aug 13, 2019 06:41 am IST

दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सोमवार रात अचानक अफरातफरी मच गई। बम होने की झूठी सूचना मिली जिससे हवाईअड्डे पर परिचालन करीब 70 मिनट के लिए प्रभावित रहा।

Delhi Airport- India TV Hindi
Delhi Airport Image Source : PTI

नयी दिल्ली। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सोमवार रात अचानक अफरातफरी मच गई। बम होने की झूठी सूचना मिली जिससे हवाईअड्डे पर परिचालन करीब 70 मिनट के लिए प्रभावित रहा। अधिकारियों ने बताया, “दिल्ली पुलिस को रात 8.49 बजे टर्मिनल 2 पर बम होने का फोन आया।” 

अधिकारियों ने बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रस्थान क्षेत्र को तत्काल खाली करा लिया गया और सभी यात्रियों को गेट नंबर चार पर भेज दिया गया जबकि यहां आने वाले यात्रियों को विमानों के अंदर ही रोक दिया गया। उन्होंने बताया, “बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने करीब एक घंटे की गहन तलाश के बाद सूचना अफवाह साबित हुई ।” हवाईअड्डा पुलिस उपायुक्त संजय भाटिया ने कहा कि सभी पक्षों को तत्काल सूचित एवं चौकस कर दिया गया। उन्होंने कहा, “टर्मिनल 2 की व्यापक जांच की गई। 

समग्र तलाश अभियान चलाया गया और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। कॉल करने वाले की पहचान कर ली गई है और उसने ऐसे किसी कॉल को करने से इनकार किया है। कॉल को गैर विशिष्ट घोषित किया गया है।” उन्होंने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। अधिकारियों ने बतया कि रात 10 बजे टर्मिनल 2 के आगमन एवं प्रस्थान क्षेत्र में सेवाएं सामान्य हुईं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें दिल्ली