नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे हाई-टेक कार चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो दुबई से यूनिक कोड मंगाकर लग्जरी गाड़ियों की चोरी कर दूसरे राज्यों में बेच देता था। पुलिस ने इस गिरोह के सरगना को दिल्ली से हरियाणा तक करीब 100 किलोमीटर पीछा करने के बाद पकड़ा। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ चोरी की तीन लग्जरी कारें, फॉर्च्यूनर, क्रेटा और सेल्टोस भी बरामद हुई हैं।
जांच में नाम आया सामने, पुलिस ने किया पीछा
पुलिस को दिल्ली के रणजीत नगर इलाके से एक इनोवा कार चोरी होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद जांच शुरू की गई। जांच के दौरान अमनदीप का नाम सामने आया। पुलिस ने अमनदीप को सर्विलांस पर रखा, जिससे पता चला कि वह अमृतसर से दिल्ली आया हुआ है। इसके बाद पुलिस की टीम ने उसका पीछा करना शुरू किया।
आरोपी पर कार चोरी के कई मामले दर्ज
सोनीपत टोल प्लाजा पर आरोपी ने एक गाड़ी को टक्कर मारकर फरार होने की कोशिश की थी, जिसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। आरोपी पर दिल्ली में कार चोरी के कई मामले दर्ज हैं।
कैसे करते थे लग्जरी गाड़ियों की चोरी?
पुलिस के मुताबिक, यह गैंग लग्जरी गाड़ियों के सिक्योरिटी लॉक को तोड़ने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाता था। चोर गाड़ियों के शीशे पर लगे यूनिक सिक्योरिटी स्टीकर की फोटो दुबई में बैठे अपने टेक्निकल एक्सपर्ट को भेजते थे। इसके बाद दुबई में बैठा टेक्निकल एक्सपर्ट एक वहां से नया कोड जनरेट कर दिल्ली में इस गैंग को भेजता था। इस कोड का इस्तेमाल कर चोर गाड़ी को अनलॉक कर आसानी से चुरा लेते थे।
ये भी पढ़ें-
रावी नदी के उफान से गुरदासपुर बेहाल, भारत-पाक सीमा पर बना करतारपुर कॉरिडोर भी डूबा
खराब मौसम के कारण लेह के लिए उड़ानें प्रभावित, दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए जारी की एडवाइजरी