दिल्ली की स्वरूप नगर थाना पुलिस ने 72 घंटे के अंदर ब्लाइंड रेप और मर्डर केस का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें तीन नाबालिग हैं। जानकारी के मुताबिक 13 सितंबर की सुबह युवती का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने 50 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके बाद एक ऑटो की पहचान की गई। पुलिस ने ऑटो के ड्राइवर से पूछताछ के आधार पर चार आरोपियों को पकड़ा है, जिसमें से तीन नाबालिग हैं। मृतका भी नाबालिग थी। जानकारी के मुताबिक घटना के दिन वह एक नाबालिग आरोपी से मिलने गई थी, जहां उसके साथ गैंगरेप कर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने खंगाले 50 से अधिक CCTV कैमरे
जानकारी के मुताबिक एक लड़की का शव 13 सितंबर की सुबह खुले मैदान में मिला था। शुरुआत में मृतका की पहचान नहीं हो पाई थी। हालांकि क्राइम टीम और FSL की टीम ने मौके से अहम सबूत जुटाए। इसके बाद स्वरूप नगर थाने में FIR दर्ज की गई। घटना की जांच के क्रम में पुलिस ने 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। CCTV जांच के दौरान वारदात के समय इलाके में एक संदिग्ध टेंपो नजर आया। अंधेरा होने की वजह से शुरुआत में टेंपो का नंबर साफ नहीं दिखा। पुलिस ने अलग-अलग CCTV फुटेज में टेंपो की आवाजाही को जोड़ा और उसकी पहचान की।
चार आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
पुलिस ने बताया कि 15-16 सितंबर की रात पुलिस ने खड्डा कॉलोनी में संदिग्ध टेंपो को खोज निकाला। टेंपो के ड्राइवर से पूछताछ के बाद 4 लोगों को पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों में शिवम उर्फ सुदामा उर्फ चुचु और 3 नाबालिग शामिल हैं। तीनों नाबालिगों की उम्र 16 से 17 साल के बीच बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो चाकू भी बरामद कर लिया। आरोपियों के वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस ने DL-1LAG-0257 नंबर का टेंपो भी बरामद किया। फिलहाल फॉरेंसिक और तकनीकी सबूतों की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की भूमिका और वारदात की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
सड़ी-गली हालत में मिली थी लाश
एडिशनल DCP लोकेश्वरन आर. ने कहा, "13 सितंबर की सुबह, हमें स्वरूप नगर पुलिस स्टेशन इलाके के एक खेत में बुरी तरह सड़ी-गली लाश मिलने की सूचना मिली। लाश इतनी खराब हालत में थी कि हम यह भी पता नहीं लगा पाए कि वह पुरुष की है या महिला की। लाश का एक हाथ भी गायब था। मामले की गंभीरता को देखते हुए, हमने पीड़ित की पहचान करने के लिए एक टीम बनाई। उस इलाके में कोई कैमरा नहीं था, इसलिए पहचान करना मुश्किल था। हमने पूरे इलाके की तलाशी ली और लगभग 50 CCTV कैमरों की जांच की। उनमें से हमें एक CCTV कैमरा मिला जो खेत को बहुत दूर से कवर कर रहा था। हमने 13 सितंबर से पीछे की ओर फुटेज देखी और इलाके में एक संदिग्ध गाड़ी को आते हुए पाया। गाड़ी भी दूर से ही दिखाई दे रही थी और शुरू में हम उसकी पहचान नहीं कर पाए। फिर हमने CCTV फुटेज के ज़रिए गाड़ी को ट्रैक किया और पाया कि वह एक टेम्पो था जिस पर एक खास निशान बना हुआ था। इसके ज़रिए हम गाड़ी की पहचान तो कर पाए, लेकिन उस पर नंबर प्लेट नहीं थी।"
परिचित से मिलने गई थी किशोरी
पुलिस जांच में पता चला है कि किशोरी अपने एक परिचित 17 वर्षीय लड़के से मिलने गई थी। पुलिस के मुताबिक, लड़के ने पहले किशोरी के साथ रेप किया, इसके बाद उसने अपने दोस्तों को बुलाया, जिन्होंने भी कथित तौर पर किशोरी के साथ रेप किया। रेप के बाद किशोरी को स्वरूप नगर के एक सुनसान मैदान में ले जाया गया। आरोप है कि किशोरी पर चाकू से कई वार किए गए। पुलिस के मुताबिक, शरीर पर 8 चोटों के निशान मिले। शव को पत्तियों और मिट्टी के नीचे छिपाने की कोशिश की गई। हालांकि 13 सितंबर की सुबह किशोरी का शव मिला था।
यह भी पढ़ें-
प्रेमिका के घर मिलने गया था युवक, परिजनों ने हत्या कर आंगन में ही पेट्रोल से जला दिया शव