1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली की जेलों में भीड़ कम करने के लिए 60 साल से ज्यादा उम्र वाले कैदियों को दी जाएगी पैरोल

दिल्ली की जेलों में भीड़ कम करने के लिए 60 साल से ज्यादा उम्र वाले कैदियों को दी जाएगी पैरोल

 Reported By: Bhasha
 Published : May 23, 2020 11:13 pm IST,  Updated : May 23, 2020 11:13 pm IST

 दिल्ली के जेल विभाग के अनुसार कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए 60 साल से अधिक उम्र के कैदियों को आपातकालीन पैरोल दी जाएगी।

60 साल से ज्यादा उम्र वाले कैदियों को दी जाएगी पैरोल - India TV Hindi
60 साल से ज्यादा उम्र वाले कैदियों को दी जाएगी पैरोल  Image Source : PTI

नयी दिल्ली: दिल्ली के जेल विभाग के अनुसार कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए 60 साल से अधिक उम्र के कैदियों को आपातकालीन पैरोल दी जाएगी। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में जारी परिपत्र में कहा गया कि इस उम्र (60 वर्ष) के कैदियों के कोविड-19 से ग्रसित होने की आशंका अधिक है और जेल में भीड़ कम करने के लिए आपातकालीन पैरोल दी जाएगी। 

परिपत्र में कहा गया कि यदि किसी कैदी को पांच साल से कम की सजा मिली है और उसने जेल में तीन महीने सजा काट ली है तो वह आपातकालीन पैरोल दिए जाने के योग्य है। पांच साल से अधिक और दस साल तक सजा पाए केवल उन कैदियों को पैरोल पर रिहा किया जाएगा जो छह महीने जेल काट चुके हैं और अदालत में उनकी अपील लंबित नहीं है। दस साल से अधिक और आजीवन कारावास की सजा पाए कैदियों में से उन्हें रिहा किया जाएगा जो छह महीने या उससे अधिक समय तक जेल में रहे हों और उन्होंने कुल एक साल हिरासत में बितायी हो। 

परिपत्र के अनुसार उन कैदियों को पैरोल पर नहीं छोड़ा जाएगा जिन्हें विशेष रूप से तय समयसीमा से पहले न छोड़े जाने संबंधी आदेश दिया गया हो। पैरोल आठ सप्ताह के लिए दी जाएगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।