Thursday, December 04, 2025
Advertisement
  1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में जिस कार में हुआ धमाका, उसके ठीक पीछे था ये ऑटो, जानिए ड्राइवर ने क्या बताया?

दिल्ली में जिस कार में हुआ धमाका, उसके ठीक पीछे था ये ऑटो, जानिए ड्राइवर ने क्या बताया?

दिल्ली धमाके में 11 लोगों की मौत हुई है। 30 से ज्यादा लोग इस धमाके में गंभीर रूप से घायल हुए हैं। धमाके वाली कार के पीछे एक ऑटो चल रहा था। ऑटो के ड्राइवर ने धमाके का आंखों देखा हाल बताया है।

Edited By: Dhyanendra Chauhan @dhyanendraj
Published : Nov 10, 2025 09:25 pm IST, Updated : Nov 10, 2025 11:14 pm IST
धमाके वाली कार के पीछे था ये ऑटो- India TV Hindi
Image Source : ANI धमाके वाली कार के पीछे था ये ऑटो

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में सोमवार शाम को भीषण धमाका हुआ है। ये धमाका तब हुआ, जब उस इलाके में काफी भीड़ भाड़ थी। ये धमाका i-20 कार में हुआ है। धमाके वाली कार के पीछे ही एक ऑटो चल रहा था। उस ऑटो के भी परखच्चे उड़ गए। हालांकि, ड्राइवर सुरक्षित है।

कार में सवार थे 4 से 5 लोग

धमाके वाली कार के पीछे चल रहे ऑटो ड्राइवर ने आंखों देखा हाल बताया है। ऑटो ड्राइवर ने कहा, 'जिस गाड़ी में धमाका हुआ, मैं ठीक उसके पीछे चल रहा था। अचानक से आगे वाली कार में धमाका हुआ। गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। उस गाड़ी में करीब 4-5 लोग सवार थे। धमाके के बाद आस-पास की कुछ गाड़ियों में भी आग लग गई। कुछ लोगों की तुरंत मौत हो गई। कई लोग घायल हो गए।

धीमी गति से चलती कार में हुआ धमाका

दिल्ली में लाल किले के पास कार में हुए धमाके में 11 लोगों की मौत के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने सोमवार को कहा कि धमाका लाल किले के यातायात सिग्नल के पास धीमी गति से चल रहे एक कार में हुआ। गोलचा ने धमाका स्थल पर मीडिया से बातचीत में इस घटना में कई लोगों की मौत होने और घायल होने की पुष्टि की और कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को घटना के बारे में नियमित रूप से जानकारी दी जा रही है। 

धमाके के बाद कई वाहन भी क्षतिग्रस्त

गोलचा ने कहा, 'धमाका शाम करीब 6.52 बजे लाल किले के पास धीमी गति से चल रहे एक वाहन में हुआ। वाहन में यात्री सवार थे।' उन्होंने बताया कि घटना में अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि दिल्ली पुलिस, फोरेंसिक टीम, राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) समेत सभी एजेंसियां ​​स्थिति का जायजा ले रही हैं।'

अमित शाह ले रहे घटना की जानकारी

उन्होंने कहा, ‘कुछ व्यक्तियों की मौत हुई है, कुछ लोग घायल हुए हैं। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। गृह मंत्री को नियमित रूप से जानकारी दी जा रही है।’ अमित शाह खुद घटना स्थल और अस्पताल पर पर पहुंच रहे हैं।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। News in Hindi के लिए क्लिक करें दिल्ली सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement