नई दिल्ली, 26 अगस्त: राजधानी दिल्ली के कैंटोनमेंट इलाके में बुधवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। दिल्ली कैंट फ्लाईओवर पार करके धौला कुआं की ओर जा रही एक DTC बस और डंप ट्रक की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। इस हादसे में बस चालक समेत कुल 4 लोग घायल हो गए हैं। गनीमत यह रही कि बस में सफर कर रहे किसी भी यात्री को कोई गंभीर चोट नहीं आयी। आइए जानते हैं पूरी खबर।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना थिरैया ट्रैफिक लाइट के पास हुई। सुबह करीब 8:23 बजे दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन को घटना की PCR कॉल मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस टीम के द्वारा हालात का जायजा लिया गया। इसके बाद हादसे में घायल हुए सभी लोगों को इलाज के लिए नजदीकी दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने हालात का जायजा लेने के बाद बताया कि DTC बस में यात्रा कर रहे सभी यात्री सुरक्षित पाए गए और किसी भी यात्री को चोट लगने या कोई नुकसान होने की खबर नहीं है।
आपको बता दें कि DTC बस को हरियाणा के सोनीपत निवासी 45 वर्षीय कश्मीरी सिंह चला रहे थे। हादसे में सबसे अधिक चोट उन्हें ही लगी है बताया जा रहा है कि उनके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया है। डंप ट्रक को उत्तर प्रदेश निवासी 26 वर्षीय प्रीतम चला रहा था। उसके साथ ट्रक में सवार मनोज (28) और रोशन (18) भी मौजूद थे। ये तीनों दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के कर्मचारी हैं और हादसे के वक्त अपनी रोजाना की ड्यूटी पर जा रहे थे। हादसे में डंप ट्रक में सवार प्रीतम और मनोज को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों ड्राइवरों की मेडिको-लीगल केस (MLC) रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे की असली वजह का पता लगाने के लिए पुलिस चश्मदीदों के बयान, एमएलसी रिपोर्ट, सीसी टीवी फुटेज और अन्य सबूतों को खंगाल रही है ताकि यह साफ हो सके कि गलती किसकी थी। गलती उजागर होने के बाद ही पुलिस के द्वारा कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
(इनपुट- पीटीआई)
ये भी पढ़ें-