1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. मौसा ने 80 लाख में बेचा फ्लैट, भांजी ने सोने के लालच में रच दी हत्या की साजिश; रोहिणी केस में 4 गिरफ्तार

मौसा ने 80 लाख में बेचा फ्लैट, भांजी ने सोने के लालच में रच दी हत्या की साजिश; रोहिणी केस में 4 गिरफ्तार

 Reported By: Kumar Sonu Written By: India TV Delhi Bureau Desk
 Published : Sep 02, 2026 10:19 am IST,  Updated : Sep 02, 2026 10:19 am IST

दिल्ली के रोहिणी में राकेश खन्ना की हत्या के मामले में पुलिस ने महज ढाई घंटे में बड़ा खुलासा करने का दावा किया है। जांच में सामने आया कि परिवार की करीबी एक लड़की ने अपने प्रेमी और साथियों के साथ मिलकर लूट के लिए हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को अरेस्ट किया है।

Rohini Murder Case- India TV Hindi
रोहिणी में राकेश खन्ना की हत्या का ढाई घंटे में खुलासा Image Source : REPORTER INPUT

रोहिणी में राकेश खन्ना की हत्या और घर से कैश और जूलरी गायब होने के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक के परिवार की करीबी सिमरन ने अपने प्रेमी हिमांशु और दो अन्य साथियों चिराग व पारस के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी। सिमरन को पता था कि राकेश खन्ना ने हाल ही में करीब 80 लाख रुपये का फ्लैट बेचा था और रकम से सोना खरीदा था। योजना के तहत दो आरोपियों ने घर में घुसकर राकेश की हत्या की, जबकि सिमरन और हिमांशु बाहर निगरानी कर रहे थे।

घर में अकेले थे राकेश

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-3 में राकेश खन्ना अपनी पत्नी के साथ रहते थे। घटना के समय उनकी पत्नी घर से बाहर गई हुई थीं। वापस लौटने पर उन्होंने घर का सामान बिखरा देखा और राकेश को बेहोशी की हालत में पाया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ढाई घंटे में खुलासा

घटना की सूचना मिलने के बाद रोहिणी जिला पुलिस की टीम ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके की जांच के साथ संदिग्धों की गतिविधियों को खंगाला। जांच के दौरान परिवार से जुड़े लोगों की भूमिका भी सामने आई और महज ढाई घंटे में पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया।

भांजी ने रची साजिश

पुलिस के अनुसार, सिमरन मृतक के परिवार की करीबी थी। उसे जानकारी थी कि राकेश खन्ना ने हाल में करीब 80 लाख रुपये का फ्लैट बेचा था और उससे सोना खरीदा था। इसी सोने को लूटने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई।

पहले से थी पूरी तैयारी

पुलिस के मुताबिक, सिमरन ने मृतक की पत्नी और कुछ रिश्तेदारों को मेला देखने के लिए बाहर भेज दिया था। इसके बाद उसने घर का सेंट्रल लॉक खुलवाया। चिराग और पारस घर के अंदर पहुंचे और राकेश की हत्या कर दी। उस समय सिमरन और हिमांशु बिल्डिंग के नीचे खड़े होकर निगरानी कर रहे थे।

सिर्फ डेढ़ लाख की जूलरी मिली

आरोपियों को उम्मीद थी कि घर में बड़ी मात्रा में सोना मिलेगा, लेकिन उन्हें करीब 1.5 लाख रुपये की जूलरी ही हाथ लगी। पुलिस के मुताबिक, राकेश ने बाकी जूलरी पहले ही छिपा दी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई जूलरी बरामद कर ली है। मामले में हत्या और लूट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। वहीं, मौत की सटीक वजह और हत्या के तरीके की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में पुलिस PCR वैन में शराब पीने के मामले में एक्शन, हेड कॉन्स्टेबल सस्पेंड और ड्राइवर लाइन हाजिर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।