उत्तरी दिल्ली के संगम पार्क इलाके में सोमवार को एक विनिर्माण इकाई में कथित तौर पर जहरीले धुएं के संपर्क में आने से एक ही परिवार के चार सदस्य बीमार पड़ गए। पुलिस ने बताया कि सभी पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, संगम पार्क स्थित ‘डीएसआईडीसी शेड’ नंबर 63 में बाइक के हॉर्न बनाने वाली एक इकाई के मालिक हरदीप सिंह अपनी पत्नी हरप्रीत कौर (38), बेटे जगदीश सिंह (16) और बेटी हरगुल कौर (15) के साथ सुबह शेड पर पहुंचे थे।
चारों की हालत खराब थी
पुलिस ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी तब मिली जब पीड़ित बच्चों में से एक ने अपने रिश्तेदारों को सूचित किया, जिन्होंने तुरंत पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि चारों की हालत खराब थी।
डॉक्टरों की निगरानी में चारों
अधिकारी ने बताया कि हरदीप सिंह, जगदीश सिंह और हरगुल कौर को इलाज के लिए हिंदू राव अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि हरप्रीत कौर को दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि चारों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर शेड को सील कर दिया है और इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
नाले में मिला लापता व्यक्ति का शव
एक अन्य खबर में, बाहरी दिल्ली के बक्करवाला इलाके में 24 वर्षीय एक व्यक्ति का शव नाले से बरामद किया गया, जो 05 मई से लापता था। पुलिस ने बताया कि मामले के सिलसिले में एक किशोर को पकड़ा गया है। मृतक की पहचान रनहोला के रहने वाले ई-रिक्शा चालक राहुल के रूप में हुई है। राहुल के घर न लौटने पर उसके परिजनों ने 7 मई को रनहोला पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
विदेश सचिव विक्रम मिस्री की बेटी को किया गया ट्रोल, अब महिला आयोग ने लिया एक्शन
कर्नाटक एक्सप्रेस में बम रखे होने की दी थी धमकी, यूपी का मजदूर गिरफ्तार