1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में 101 साल पहले हुई थी एक दिन में इससे ज्यादा बारिश, 1923 में बना रिकॉर्ड अभी भी बरकरार

दिल्ली में 101 साल पहले हुई थी एक दिन में इससे ज्यादा बारिश, 1923 में बना रिकॉर्ड अभी भी बरकरार

 Edited By: Amar Deep
 Published : Dec 28, 2024 11:25 pm IST,  Updated : Dec 28, 2024 11:25 pm IST

राजधानी दिल्ली में बारिश की वजह से मौसम में ठंड बढ़ गई है। दिल्ली में 101 वर्षों में दिसंबर में एक दिन में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।

दिल्ली में 101 साल पहले हुई थी एक दिन में इतनी बारिश।- India TV Hindi
दिल्ली में 101 साल पहले हुई थी एक दिन में इतनी बारिश। Image Source : PTI

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। इस दौरान शनिवार को भी दिन भर बादल छाए रहे। वहीं लगातार हो रही बारिश की वजह से दिल्ली में ठंड भी काफी बढ़ गई है। वहीं राजधानी दिल्ली में 101 वर्षों में दिसंबर में एक दिन में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के पिछले 24 घंटों में 41.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिसके कारण दिनभर तापमान सामान्य से कम रहा। आईएमडी के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में 3 दिसंबर 1923 को एक ही दिन में सबसे अधिक बारिश हुई थी, जो 75.7 मिमी थी।

24 घंटे में हुई बारिश ने तोड़ा रिकॉर्ड

मौसम विभाग के अधिकारी के अनुसार 1901 में आंकड़े दर्ज किये जाने के बाद से दिसंबर 2024 माह वार बारिश के मामले में अब तक का पांचवां सर्वाधिक वर्षा वाला महीना रहा। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘आज सुबह 8.30 बजे समाप्त हुई 24 घंटे की संचयी वर्षा 1901 के बाद से दूसरी सबसे अधिक है। जबकि मासिक वर्षा पांचवीं सबसे अधिक है। 24 घंटे की संचयी वर्षा सुबह 8.30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों के दौरान हुई वर्षा को संदर्भित करती है।’’ 

रविवार को कोहरे की आशंका

आईएमडी ने कहा कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के साथ इसके संपर्क के कारण दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ रहे हैं। भारत मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से छह डिग्री अधिक था। इसके अलावा मौसम विभाग ने रविवार को घने कोहरे का अनुमान व्यक्त किया है। वहीं रविवार को दिल्ली में अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 17 और 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 

बारिश के बाद हवा हुई साफ

इस बीच केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ। शनिवार शाम चार बजे एक्यूआई 135 दर्ज किया गया। समीर ऐप के अनुसार 28 निगरानी केन्द्रों में से चार- आईएचबीएएस, दिलशाद गार्डन, लोधी रोड और श्री अरबिंदो मार्ग में एक्यूआई 'संतोषजनक' श्रेणी में दर्ज किया गया जो 100 से नीचे रहा। बाकी केन्द्रों में एक्यूआई 'मध्यम' और 'खराब' श्रेणियों में दर्ज की गई। एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। (इनपुट- पीटीआई)

यह भी पढ़ें- 

31 दिसंबर को दिल्ली के इन रास्तों पर भूल कर भी न जाएं, जारी हुई ट्रैफिक एडवाइजरी; जाने लें नहीं तो पछताना पड़ेगा

दिल्ली चुनाव में उतरी अजित पवार की NCP, 11 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट की जारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।