1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में तापमान बढ़ा, शाम तक बारिश का अनुमान

दिल्ली में तापमान बढ़ा, शाम तक बारिश का अनुमान

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 31, 2021 10:51 am IST,  Updated : Jul 31, 2021 10:51 am IST

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को तापमान में वृद्धि हुई और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में तापमान...- India TV Hindi
दिल्ली में तापमान बढ़ा, शाम तक बारिश का अनुमान Image Source : PTI

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को तापमान में वृद्धि हुई और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक सुबह में हवा में नमी का स्तर बहुत अधिक 93 प्रतिशत रहा। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो सामान्य से तीन डिग्री कम था जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से दो डिग्री नीचे था।

मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक सुबह साढ़े आठ बजे तक शहर में औसतम 43.6 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक शाम तक मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान भी व्यक्त किया है। आईएमडी ने शुक्रवार को ऑरेंज अलर्ट जारी कर शनिवार को मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया था। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी के निचले इलाकों में जलभराव की आशंका जताते हुए कई स्थानों पर भारी यातायात जाम की चेतावनी दी थी।

विभाग ने रविवार के लिए ‘येलो’ अलर्ट और सोमवार के लिए फिर से ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। आईएमडी चार रंगों के कोड का इस्तेमाल करती है जिसमें हरे का मतलब सब ठीक रहेगा से होता है जबकि पीला रंग बहुत खराब मौसम का संकेत देता है। इसका यह मतलब भी होता है कि मौसम में परिवर्तन बहुत खराब स्थिति के लिए हो सकता है जो रोजमर्रा की गतिविधियों को प्रभावित कर सकता है।

वहीं, ऑरेंज अलर्ट अत्यधिक खराब मौसम के लिए चेतावनी के रूप में जारी किया जाता है, जिसमें सड़क और नाले बंद होने और बिजली आपूर्ति में रुकावट के साथ आवागमन में बाधा की आशंका होती है। रेड अलर्ट तब जारी किया जाता है जब बेहद खराब मौसम की स्थिति निश्चित रूप से यात्रा और बिजली को बाधित करने वाली हो और जान का जोखिम हो।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।