दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर है। 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को चुनाव का रिजल्ट जारी किया जाएगा। ऐसे में आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ चुकी हैं। तीनों ही पार्टियों के नेता एक दूसरे पर जमकर हमले कर रहे हैं। इस बीच कालकाजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित समाजसेवी महावीर बसोया आम आदमी पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, 'आज हमें खुशी है कि कालकाजी के एक प्रतिष्ठित समाजसेवी महावीर बसोया AAP ज्वाइन कर रहे हैं। कोरोना के दौरान मृतकों के अंतिम संस्कार की बड़े स्तर पर उन्होंने व्यवस्था की थी। वह घायल गायों की सेवा और उपचार के लिए भी ये काम करते हैं। MCD चुनाव में श्रीनिवासपुरी वार्ड से ये निर्दलीय चुनाव लड़े थे।'
संजय सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना
वहीं आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, 'मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ इन दिनों जैसी भाषा का प्रयोग किया जा रहा है वह निंदनीय है। इसका जवाब आप लोग दें। अरविंद केजरीवाल के इस बयान पर कि वे बनिया के बेटे हैं, जादूगर हैं। एक सीएम का नाम बताइए जिसने बिजली पानी, यात्रा, फ्री किया हो और मुनाफे का बजट दिया हो। उन्होंने दिल्ली में चमत्कार किया है, तो जादूगर ही हैं।' अरविंद केजरीवाल द्वारा रामचरितमानस के अपमान पर भाजपा के सवालों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा का एक ही नारा, रावण है आदर्श हमारा। भाजपा उपवास कर रही है कि रावण का अपमान कर दिया। यह साबित हो गया कि भाजपा रावण को अपना वंशज मानती है। इनका असली चरित्र चुनाव से पहले पता चल गया कि ये रावण के अपमान से आहत हो गए।
वीरेंद्र सचदेवा ने दिया था बयान
इस मामले पर दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बयान देते हुए कहा है कि जिस प्रकार से रामायण की गलत व्याख्या और हमारे धर्म का अपमान करने की कोशिश अरविंद कजेरीवाल द्वारा की गई है, ये पहली बार नहीं है। ये अधर्मी लोग हैं। कल इन्होंने कहा है कि राक्षस सोने का हिरण बनकर आया था, ये अभी तक शीशमहल के गोल्ड प्लेटलेट सोने से बाहर नहीं आए हैं। आज हम यहां क्षमा मांगने आए हैं कि रामायण की गलत व्याख्या हई है और हम आज उपवास करेंगे। बता दें कि इस मामले पर भाजपा और आम आदमी पार्टी के नेता आमने-सामने आ चुके हैं और एक दूसरे पर जमकर निशाना साधा रहे हैं।