1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. सड़क पर बने गड्ढे में गिरकर युवक की हुई मौत, पास में पड़ा मिला बाइक और हेलमेट

सड़क पर बने गड्ढे में गिरकर युवक की हुई मौत, पास में पड़ा मिला बाइक और हेलमेट

 Reported By: Abhay Parashar Edited By: Malaika Imam
 Published : Mar 12, 2025 06:43 am IST,  Updated : Mar 12, 2025 06:47 am IST

दक्षिणी दिल्ली में एक युवक की सड़क पर बने गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। घटना के समय युवक की बाइक और हेलमेट घटनास्थल पर पड़े मिले और युवक गंभीर चोट के साथ सड़क पर गिरा हुआ था।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

नई दिल्ली: दक्षिणी दिल्ली के तिगरी थाना इलाके में एक युवक की सड़क पर बने गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना हमदर्द अस्पताल के पास सोमवार को हुई, जहां सड़क पर गहरे गड्ढे के कारण युवक ने अपनी जान गंवाई। घटना के समय युवक की बाइक और हेलमेट घटनास्थल पर पड़े मिले, जबकि युवक सिर पर गंभीर चोट के साथ सड़क पर गिरा हुआ पाया गया।

मृतक की हुई पहचान

पुलिस ने मृतक की पहचान राशिद खान के रूप में की है, जो संगम विहार इलाके का निवासी था। हादसे के बाद उसे एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर जो गड्ढा था, उसमें पानी भी भरा हुआ था और ऐसा प्रतीत होता है कि युवक उस गड्ढे में गिरकर बेहोश हो गया था, जिसके बाद पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।

कैसे हुई मौत? जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, मृतक राशिद के सिर के बाईं तरफ लगभग 4 इंच लंबी और 1.5 इंच गहरी चोट लगी थी। पुलिस को शक है कि युवक पानी से भरे गड्ढे में गिरकर बेहोश हुआ और उसके बाद वह पानी में डूब गया। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या यह हादसा किसी अन्य वाहन से टकराने की वजह से हुआ या फिर गड्ढे के कारण उसका बैलेंस बिगड़ने की वजह से वह गिरा।

पुलिस ने किया मामला दर्ज

पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 281 और 186(1) के तहत मामला दर्ज किया है और घटना की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस बात का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा कि युवक की मौत सिर पर लगी चोट से हुई या पानी में डूबने के कारण।

ये भी पढ़ें-

महाराष्ट्र: औरंगजेब विवाद में सपा नेता अबू आजमी को बड़ी राहत, कोर्ट ने अग्रिम जमानत मंजूर की

Pakistan Train Hijack: पाकिस्तानी सेना को बड़ी सफलता, 80 बंधकों को छुड़ाया और 13 आतंकवादियों को किया ढेर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।