1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के घर लाखों की चोरी, CCTV में दिखे चोर

दिल्ली में कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के घर लाखों की चोरी, CCTV में दिखे चोर

 Reported By: Kumar Sonu Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Aug 30, 2026 08:36 pm IST,  Updated : Aug 30, 2026 10:04 pm IST

कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के घर पर चोरी हो गई है। इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोर घर के अंदर घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं।

Alka Lamba- India TV Hindi
अलका लांबा के पिता के घर पर चोरी Image Source : PTI/REPORTER INPUT

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है। वेस्ट दिल्ली के टैगोर गार्डन इलाके में कांग्रेस नेता अलका लांबा के पिता के घर चोरी हो गई है। चोर ने लाखों रुपए और जूलरी पर हाथ साफ किया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, 3 नकाबपोश चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। राजौरी गार्डन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। चोरी से पहले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोर दिनदहाड़े घर के अंदर घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं।

अलका लांबा ने एक्स पर पोस्ट करके भी दी जानकारी

अलका लांबा ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके बताया, "रात 3 बजे 3 चोर एक साथ पापा (Age-88) के घर C ब्लॉक टैगोर गार्डन में घुसे। सारी सेविंग्स सब चुरा कर ले गए। राजधानी दिल्ली में अब कोई अपने घर तक में सुरक्षित नहीं है और ना ही उनके घर अब सुरक्षित हैं, चोर-अपराधियों को किसी का कोई डर नहीं रहा। दिल्ली में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। भगवान का शुक्र कि पिता जी पूरी तरह सुरक्षित हैं।"

अलका लांबा ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "पिता जी के घर पर लगे CCTV फ़ुटेज से सब पता चलता है कि 3 नकाबपोश आदमी सुबह के 6:15 बजे घर के अंदर घुसते हैं और 10 मिनटों में सब साफ करके एक ही बाइक से भाग जाते हैं। पूरे इलाके में इसके बाद एक डर का माहौल बना हुआ है। पुलिस चाहें तो हर CCTV की जांच कर अपराधियों तक आसानी से पहुंच सकती है। पहली कड़ी डीसीपी नॉर्थ वेस्ट को सौंपी जा चुकी है।"

बता दें कि अलका लांबा आल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं और कांग्रेस वर्किंग कमेटी की सदस्य हैं। वह दिल्ली से पूर्व विधायक रही हैं और NSUI की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रही हैं। कांग्रेस नेता के पिता के घर चोरी का मामला इलाके में भी चर्चा का विषय बना हुआ है और इलाके के लोगों में ये डर भी है कि जब बड़े नेताओं के पिता के घर में चोरी हो सकती है तो आम आदमी कैसे चोरों से बच पाएगा।  

इससे पहले करोल बाग में भी 2 करोड़ की सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया था। चोर, कार का शीशा तोड़सोने-हीरे से भरे 3 बैग उठा ले गए थे।

ये भी पढ़ें-

सांसद के सरकारी बंगले से कुर्सियां, कूलर, गद्दे चोरी मामले कोर्ट ने सुनाया फैसला, आरोपी को किया बरी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।