नई दिल्ली: दिल्ली के अलीपुर इलाके में रविवार सुबह करीब 11:03 बजे निर्माणाधीन इमारत के गिरने की सूचना मिली। सूचना में बताया गया था कि मलबे में 5-6 लोग दबे हो सकते हैं। सूचना मिलते ही थाना अलीपुर की पूरी टीम मौके पर पहुंची। मौके पर 4 एंबुलेंस, एक फायर टेंडर और डिजास्टर मैनेजमेंट की एक गाड़ी भी पहुंची।
जांच में क्या सामने आया?
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इमारत का निर्माण कार्य चल रहा था और घटना के समय लेंटर डालने का काम किया जा रहा था। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि सपोर्टिंग शटरिंग (बल्लियां) गिरने के कारण निर्माणाधीन ढांचा नीचे आ गया।
घटना के वक्त मौके पर मजदूर काम कर रहे थे। हालांकि, पुलिस के मुताबिक किसी व्यक्ति के मारे जाने या मलबे में फंसे होने की सूचना नहीं है। सभी मजदूर सुरक्षित हैं और उनकी गिनती कर ली गई है। मौके पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
दिल्ली पुलिस का सामने आया बयान
दिल्ली पुलिस ने बताया, "आज सुबह करीब 11:03 बजे, दिल्ली के अलीपुर में बन रही एक इमारत के गिरने की सूचना मिली। बताया गया कि मलबे के नीचे 5-6 लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही अलीपुर पुलिस स्टेशन की पूरी टीम 4 एम्बुलेंस, 1 फायर टेंडर और 1 डिजास्टर मैनेजमेंट गाड़ी के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। जांच करने पर पता चला कि वहां एक इमारत बन रही थी।"
दिल्ली पुलिस ने बताया, "घटना के समय लिंटेल का काम चल रहा था। शुरुआती जांच से लगता है कि सपोर्ट के लिए लगाई गई शटरिंग (बल्ली) गिर गई, जिससे इमारत ढह गई। घटना के समय वहां मजदूर काम कर रहे थे। किसी की मौत या किसी के फंसे होने की खबर नहीं है। सभी मजदूर सुरक्षित हैं और उनकी गिनती हो चुकी है। आगे की जांच जारी है।"
गौरतलब है कि हालही में दिल्ली के सत्य निकेतन में एक इमारत गिर गई थी, जिसमें 7 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। इस मामले के सामने आने के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने अवैध तरीके से बनीं खतरनाक बिल्डिंगों की जांच के आदेश दिए थे और नियमानुसार कार्रवाई के भी निर्देश दिए थे।
गौरतलब है कि इससे पहले खबर सामने आई थी कि दिल्ली में अचानक 4 मंजिला इमारत झुकने से हड़कंप मच गया और आननफानन में पूरी बिल्डिंग खाली कराई गई।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली की फैक्टरी में लगी आग, घबराकर बगल की इमारत से कूदे लोग; 6 घायल