राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दिल्ली पुलिस में तैनात एक हेड कांस्टेबल ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने बाद खुद भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है।
बच्चों के लौटने पर हुआ वारदात का खुलासा
मृतक की पहचान 36 वर्षीय मोनू के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत था। मिली जानकारी के अनुसार, वारदात के वक्त दंपति के दोनों बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे और बाहर गए हुए थे। इस पूरे घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्चे घर वापस लौटे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला और दरवाजा बंद रहा तो बच्चे रोने-बिलखने लगे। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर जमा हो गए। जब पड़ोसियों ने खिड़की से घर के अंदर देखा तो उनके होश उड़ गए। अंदर महिला का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था जबकि मोनू का शव फंदे से लटका हुआ दिखाई दिया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
पड़ोसियों ने तुरंत घटना की सूचना 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को दी। सूचना के बाद दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा कर सभी साक्ष्य जुटाए। फिलहाल इस वारदात को क्यों अंजाम दिया गया अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आत्महत्या व हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल पुलिस अब पूरे मामले की तफ्तीश कर रही है।
सब्जी पकाने को लेकर झगड़े में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या की
बता दें कि हाल ही में दिल्ली के तिगड़ी इलाके में शख्स ने पति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया गया था कि सब्जी पकाने को लेकर पति और पत्नी के बीच जमकर झगड़ा हुआ था जिसके बाद पति ने पत्नी को गोली मार दी। घर के अंदर 3 बच्चे भी मौजूद थे, जो रोते हुए पाए गए। आरोपी पति की पहचान कमलेश के तौर पर हुई है और मृतक पत्नी की पहचान पूनम के रूप में हुई है। आरोपी पति ने ये भी भ्रम फैलाने की कोशिश की कि पत्नी पूनम ने खुद को गोली मारी है लेकिन मामला संदिग्ध लगने पर पड़ोसियों ने उसे नहीं छोड़ा। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। मामले में जांच की जा रही है।
(रिपोर्ट- नीरज शर्मा)
ये भी पढ़ें-
आंखों की जांच के बहाने महिला को घर बुलाया, नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म का आरोप; आरोपी गिरफ्तार