1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली में MCD उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी, CM रेखा गुप्ता ने वोटरों से की ये खास अपील

दिल्ली में MCD उपचुनाव के लिए वोटिंग जारी, CM रेखा गुप्ता ने वोटरों से की ये खास अपील

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Nov 30, 2025 09:26 am IST,  Updated : Nov 30, 2025 09:26 am IST

दिल्ली में एमसीडी उपचुनाव को लेकर वोटिंग चल रही है। आज शाम साढ़े पांच बजे तक वोटिंग की जाएगी। इस बीच दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने वोटरों से मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

दिल्ली की सीएम ने की मतदान की अपील।- India TV Hindi
दिल्ली की सीएम ने की मतदान की अपील। Image Source : X/GUPTA_REKHA

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में आज नगर निगम के 12 वार्डों में उपचुनाव हो रहे हैं। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों में उपचुनाव के लिए रविवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। आज शाम पांच बजकर 30 मिनट तक वोटिंग की प्रक्रिया चलती रहेगी। इस उपचुनाव को वर्ष की शुरुआत में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बड़ी जीत के बाद राष्ट्रीय राजधानी के मतदाताओं के मूड को परखने के लिए महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। भाजपा ने आठ महिला उम्मीदवारों को चुनावी रण में उतारा है, जबकि आप ने छह और कांग्रेस ने पांच महिला उम्मीदवार उतारे हैं। 

सीएम रेखा गुप्ता ने की मतदान की अपील

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "सम्मानित मतदाताओं, आज 12 वार्डों में होने वाले नगर निगम के उपचुनाव एक निर्वाचन प्रक्रिया से कहीं बढ़कर हमारी साझा आकांक्षाओं को सशक्त करने का अवसर है। आपका एक-एक मत यह तय करेगा कि आपके वार्ड में प्रशासनिक पारदर्शिता, सुशासन और जनसेवा की वह धारा आगे बढ़े, जहां विकास केवल वादों में नहीं, अपितु ज़मीनी हकीकतों में दिखाई दे।"

रेखा गुप्ता ने आगे लिखा, "मैं आप सभी से आग्रह करती हूं कि लोकतंत्र के इस उत्सव में प्रतिभाग करके अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। घरों से निकलकर मतदान केंद्र तक पहुंचें और उस उम्मीदवार एवं दल को चुनें जो आपके क्षेत्र को सुरक्षित, सक्षम और विकासोन्मुख बनाकर आपकी आकांक्षाओं को प्राथमिकता दे सके। आपका एक मत दिल्ली के उज्ज्वल भविष्य को संवारकर 'विकसित दिल्ली' का निर्माण करेगा। पहले मतदान, फिर जलपान!"

भारी सुरक्षा के बीच मतदान जारी

बता दें कि राज्य निर्वाचन आयोग ने एमसीडी उपचुनाव के लिए 143 मतदान केंद्रों पर कुल 580 बूथ स्थापित किए हैं। निष्पक्ष एवं स्वतंत्र मतदान के लिए निर्वाचन आयोग के 2,320 कर्मी, 580 होमगार्ड और 2,265 अन्य कर्मचारी तैनान किए गए हैं। साथ ही केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 13 कंपनी भी तैनात की गई हैं। एमसीडी उपचुनाव में 26 महिलाओं सहित 51 उम्मीदवार मैदान में हैं। 

यह भी पढ़ें-

भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा Ditwah तूफान, श्रीलंका में लील चुका है 150 से ज्यादा लोगों की जान

नेशनल हेराल्ड केस में दर्ज हुई नई FIR, जानें कैसे बढ़ीं सोनिया गांधी और राहुल की मुश्किलें?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।