1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के सत्य निकेतन में किस वजह से ढही 5 मंजिला इमारत? पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर बताई एक-एक बात

दिल्ली के सत्य निकेतन में किस वजह से ढही 5 मंजिला इमारत? पुलिस ने आरोपी से पूछताछ कर बताई एक-एक बात

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 09, 2026 10:57 pm IST,  Updated : Sep 09, 2026 10:59 pm IST

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 5 मंजिला इमारत के गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई। पुलिस की टीम आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस के पूछताछ में हादसे की मेन वजह सामने आई है।

सत्य निकेतन में गिरी थी 5 मंजिला इमारत- India TV Hindi
सत्य निकेतन में गिरी थी 5 मंजिला इमारत Image Source : PTI

दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 5 मंजिला इमारत गिरने के बाद से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। दिल्ली पुलिस ने बुधवार को बताया कि सत्य निकेतन में पीजी ढहने के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी से पूछताछ में पता चला है कि इमारत के भूतल पर एक दुकान बनाने के लिए एक दीवार तोड़ी गई थी जिससे पूरी इमारत ढह गई। पुलिस के मुताबिक, यह जानकारी श्रमिक ठेकेदार सनोज कुमार से पूछताछ में सामने आई है। 

इस मामले में अब तक 5 गिरफ्तारी

पुलिस ने बताया कि दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को ढह गई इमारत में 'पेइंग गेस्ट' (PG) का संचालन करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह इस मामले में अब तक हुई पांचवीं गिरफ्तारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान भजनपुरा निवासी 31 वर्षीय सुधांशु लवनीश के तौर पर हुई है। इससे एक दिन पहले मंगलवार को इमारत में मरम्मत का काम करा रहे ठेकेदार सनोज कुमार को उत्तर प्रदेश के कासगंज से गिरफ्तार किया गया था। 

भूतल पर दुकान बनाने के लिए बाधा बन रही थी दीवार

पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ में सनोज ने दावा किया कि भूमिगत तल को समतल करने का काम किया जा रहा था। भूतल पर दुकान बनाने में बाधा बन रही एक दीवार को तोड़ दिया गया। इसके बाद इमारत ढह गई। 

इस हादसे में 7 की मौत

सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर को मरम्मत के दौरान एक इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई थी। इस इमारत का इस्तेमाल छात्रों के लिए पीजी आवास के रूप में किया जा रहा था। इमारत के मलबे से 12 लोगों को निकाला गया था। इससे पहले पुलिस ने भवन ढहने के सिलसिले में इमारत की मालकिन 75 वर्षीय उर्मिला गुप्ता, वायु सेना से सेवानिवृत्त 81 साल के उनके पति हरिराम गुप्ता और उनके बेटे महेश गुप्ता (52) को गिरफ्तार किया था। 

1.05 लाख रुपये महीने के किराए पर थी बिल्डिंग

पुलिस ने बताया कि महेश, सुधांशु और सनोज को एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। अधिकारी के अनुसार, सुधांशु ने पूछताछ में बताया कि है कि उसने अपने दोस्त शुभम त्यागी के साथ, 'हॉस्टल डेज़' के नाम से पीजी संचालन के लिए सत्य निकेतन क्षेत्र में इस इमारत की चार मंजिलें अगस्त 2025 में 1.05 लाख रुपये महीने के किराए पर पट्टे पर ली थी। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसके इलाके में 7 पीजी चल रहे हैं। इमारत की जर्जर हालत के कारण उन्होंने इसे कम दरों पर किराये पर लिया था। 

सनोज को रखा गया था काम पर

पुलिस ने बताया कि सुधांशु को इस बात की जानकारी थी कि निर्माण कार्य से पूरी इमारत पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है और इसके बावजूद उसने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया और निर्माण कार्य को लेकर अनभिज्ञ बना रहा। अधिकारी के मुताबिक, मोती बाग में रहने वाले श्रमिक ठेकेदार सनोज कुमार (35) ने पूछताछ में बताया है कि करीब 10 दिन पहले महेश गुप्ता ने इमारत में मरम्मत के काम के लिए उसे रखा था। 

दीवार हटाते ही गिर गई पूरी बिल्डिंग 

उसने पुलिस को बताया कि भूमिगत तल को भूतल के समतल करने का काम किया जा रहा था। इसके लिए भूमिगत तल में करीब तीन ट्रक मलबा भरा गया था। इस काम के लिए महेश द्वारा उसे प्रतिदिन 2800 रुपये का भुगतान किया जा रहा था। अधिकारी के मुताबिक, उसने पुलिस को बताया कि एक दीवार भूतल पर दुकान बनाने की जगह में बाधा बन रही थी और घटना वाले दिन उन्होंने जगह बनाने के लिए इस दीवार को हटा दिया। इमारत यह भार नहीं झेल सकी और और बिल्डिंग ढह गई। (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

साकेत से सत्य निकेतन तक... इस साल दिल्ली में बिल्डिंग्स गिरने की 5 घटनाएं, जानिए इन हादसों में कुल कितने की गई जान?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।