नई दिल्ली: दिल्ली के बिंदापुर इलाके में बाइक पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद शनिवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसियों के बीच हुए झगड़े के दौरान चाकू से हमला किए जाने पर एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब 2:50 बजे बिंदापुर थाने में एक PCR कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले ने सूचना दी कि 2-3 लड़कों ने उसकी बेटी और दामाद के पेट में चाकू मार दिया है।
घायल पति को सफदरजंग रेफर किया गया
सूचना मिलते ही जांच अधिकारी और पुलिस टीम सेक्टर-3, जेजे कॉलोनी, बिंदापुर स्थित घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, तब तक दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तो डॉक्टरों ने विक्की की पत्नी आरती को मृत घोषित कर दिया। वहीं, विक्की का इलाज जारी था। बाद में उसकी हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।
आखिर कैसे शुरू हुआ था यह पूरा मामला?
प्रारंभिक जांच और स्थानीय पूछताछ में सामने आया कि विक्की और उसकी पत्नी आरती का अपने पड़ोसी पप्पू और एक नाबालिग के साथ सड़क पर मोटरसाइकिल पार्क करने को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि विवाद देखते ही देखते झगड़े में बदल गया, जिसके दौरान चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में आरती और विक्की दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी और क्राइम टीम को मौके पर बुलाया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और मौके की तस्वीरें भी लीं।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के लिए सभी तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। मामले में मुख्य आरोपी 40 वर्षीय पप्पू को हिरासत में ले लिया गया है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एक नाबालिग के भी मामले में शामिल होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है। बता दें कि दिल्ली में पार्किंग विवाद में हत्या की घटनाएं पहले भी सामने आई हैं।
ये भी पढें:
पार्किंग विवाद में चलीं दनादन गोलियां, AAP सदस्य घायल, सामने आया डरावना वीडियो