1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. CBSE ने दिल्ली के दो स्कूलों के खिलाफ पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, जानें क्या रही इसकी वजह

CBSE ने दिल्ली के दो स्कूलों के खिलाफ पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, जानें क्या रही इसकी वजह

 Edited By: Akash Mishra
 Published : Dec 17, 2024 11:12 pm IST,  Updated : Dec 17, 2024 11:12 pm IST

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की तरफ से दो स्कूलों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने की खबर सामने आई है। बोर्ड ने दोनों स्कूलों के खिलाफ प्रीत विहार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।

दिल्ली के दो स्कूलों के खिलाफ CBSE ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत- India TV Hindi
दिल्ली के दो स्कूलों के खिलाफ CBSE ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत Image Source : FILE

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने दिल्ली के दो स्कूलों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दोनों स्कूलों के खिलाफ बोर्ड ने यह शिकायत संबद्धता के लिए अपने आवेदन में जाली दस्तावेज जमा करने को लेकर कराई है। दोनों स्कूलों ने बोर्ड से संबद्धता के लिए अपने आवेदन में जाली दस्तावेज जमा किए थे। एक प्रेस विज्ञप्ति में बोर्ड ने स्पष्ट किया कि स्कूलों को संबद्धता प्रदान करने के लिए वह एक कठोर प्रक्रिया का पालन करता है। संबद्धता प्रक्रिया के तहत स्कूलों को भूमि सर्टिफिकेट समेत अनिवार्य दस्तावेज जमा करने होते हैं, जिनकी फिर बारीकी से जांच की जाती है। प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड इन डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन जारी करने वाले अधिकारियों से करवाता है।

किन स्कूलों के खिलाफ की गई शिकायत 

जिन स्कूलों के खिलाफ CBSE द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है उनके नाम हैं, मानव भावना पब्लिक स्कूल और सत साहेब पब्लिक स्कूल। मानव भावना पब्लिक बुराड़ी के नाथूपुरा मेन रोड पर स्थित है और त साहेब पब्लिक स्कूल उत्तम नगर के नन्हे पार्क के सोम बाज़ार के सी-ब्लॉक में स्थित है।

दोनों स्कूलों के लेंड सर्टिफिकेट निकले फर्जी 

वेरिफिकेशन के दौरान, केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने पाया कि दोनों स्कूलों द्वारा दिए गए लेंड सर्टिफिकेट फर्जी थे और संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी नहीं किए गए थे। इसके बाद, बोर्ड ने प्रीत विहार पुलिस स्टेशन में दोनों स्कूलों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई और कानून के तहत कानूनी कार्रवाई की मांग की।

बोर्ड ने इससे पहले 30 से अधिक स्कूलों को जारी किया था कारण बताओ नोटिस 

सीबीएसई ने संबद्धता प्रक्रिया में उच्च मानकों को बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता पर जोर दिया कि केवल सभी आवश्यक आवश्यकताओं को पूरा करने वाले स्कूलों को ही संबद्धता प्रदान की जाए। बूता दे कि इससे पहले भी CBSE बोर्ड ने अपने प्रावधानों और नियमों का पालन करने में विफल रहने के लिए 30 से ज्यादा स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।