1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. परीक्षा
  4. CBSE 10th, 12th Exam date 2021: 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तारीख घोषित, HRD मंत्री ने की घोषणा

CBSE 10th, 12th Exam date 2021: 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की तारीख घोषित, HRD मंत्री ने की घोषणा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 31, 2020 06:10 pm IST,  Updated : Dec 31, 2020 11:11 pm IST

केंद्रीय शिक्षामंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने सीबीएसई की कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीख का ऐलान कर दिया है।

cbse class 10th  class 12th exam date 2021- India TV Hindi
cbse class 10th  class 12th exam date 2021

CBSE 10th, 12TH Exam date 2021:केंद्रीय शिक्षामंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने सीबीएसई की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तारीख का ऐलान गुरुवार को कर दिया है। सीबीएसई की 10वीं और 12वीं परीक्षा की तारीखों की घोषणा करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि 4 मई से सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होंगी, जो 10 जून तक चलेंगी। 1 मार्च से सीबीएसई के प्रैक्टिकल एग्जाम शुरू होंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि 15 जुलाई तक परीक्षाओं के परिणाम घोषित होंगे।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और सीबीएसई दोनों ही यह स्पष्ट कर चुके हैं की बोर्ड परीक्षाएं, परीक्षा केंद्रों में जाकर देनी होंगी। बोर्ड परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा का कोई विकल्प नहीं दिया गया है। यह परीक्षाएं प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी पेन पेपर के माध्यम से ली जाएंगी।

बोर्ड परीक्षाओं की तिथि को लेकर विभिन्न अभिभावक संघों ने भी संतोष जाहिर किया है। ऑल इंडिया पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने कहा, "बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा तय की गई तारीखों का हम स्वागत करते हैं। हमने सरकार से यही मांग की थी कि बोर्ड परीक्षाएं मई-जून में करवाई जाए, ताकि छात्रों को अपना कोर्स पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिल सके।"

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "सीबीएसई पहले ही बोर्ड परीक्षाओं के लिए 30 फीसदी पाठ्यक्रम कम कर चुकी है। इसके अलावा छात्रों की अन्य सभी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। हम दुनिया के 25 देशों में सीबीएसई स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को भी समाधान देंगे। विदेशों में सीबीएसई के स्कूलों में पढ़ रहे छात्रों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, हम उनके लिए भी काम कर रहे हैं।"

केंद्रीय मंत्री निशंक ने कहा कि दुनिया के कई देशों में कोरोना महामारी शिक्षा के सत्र को पीछे ले गई। वहीं भारत में शिक्षकों और अभिभावकों की कड़ी मेहनत के कारण ऐसा नहीं हुआ। छात्र लगातार ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं। कई छात्रों के पास ऑनलाइन पढ़ाई के लिए संसाधन नहीं है, ऐसे छात्रों को टीवी और रेडियो के माध्यम से ऑन एयर शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।

सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं की तारीखों की घोषणा करते हुए निशंक ने कहा, 'मैं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देता हूं कि वह पूरी ताकत और मनोबल के साथ परीक्षा की तैयारी करें। सीबीएसई ने भी 30 फीसदी सिलेबस कम कर दिया है। आप सभी बिना किसी संकोच के एग्जाम दें।' घोषणा के दौरान निशंक ने कहा कि हम आगामी सत्र की तैयारी में जुटे हुए हैं। ऑनलाइन क्लास और टीवी चैनलों से सभी बच्चों तक शिक्षा पहुंचा रहे हैं। कोरोना के समय छात्रों ने पूरे मनोबल के साथ परीक्षाएं दीं और हम सबने मिलकर साल बर्बाद होने से बचाया। चुनौती के समय विद्यार्थी और शिक्षक डटे हुए हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Exams से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें एजुकेशन