केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अहम अपडेट जारी किया है। बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रायोगिक परीक्षाओं (Practical Exams) और आंतरिक मूल्यांकन (Internal Assessment) की तारीखों का ऐलान कर दिया है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, सामान्य स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगी। वहीं, पहाड़ी और शीतकालीन क्षेत्रों के स्कूलों में परीक्षाएं नवंबर 2026 से ही आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड ने इस संबंध में सभी संबद्ध स्कूलों को सर्कुलर जारी कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। ऐसे में 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तैयारी समय रहते पूरी कर लें।
कब से शुरू होंगे CBSE Practical Exams 2027?
CBSE के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, देश और विदेश में स्थित सामान्य स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगी। वहीं, शीतकालीन क्षेत्रों में स्थित स्कूलों के लिए अलग शेड्यूल जारी किया गया है। इन स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं और आंतरिक मूल्यांकन 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच पूरे कराए जाएंगे।
बोर्ड ने यह व्यवस्था सर्दियों के दौरान स्कूलों के बंद रहने की संभावना को ध्यान में रखते हुए की है, ताकि परीक्षाओं और मूल्यांकन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। सभी स्कूलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
यहां देखें प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तारीखें
- विंटर बाउंड स्कूल (पहाड़ी और ठंडे इलाके): 9 नवंबर 2026 से 19 दिसंबर 2026 तक।
- सामान्य स्कूल: 1 जनवरी 2027 से प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू होंगी।
10वीं के छात्रों के लिए खास निर्देश
सीबीएसई ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के आंतरिक मूल्यांकन को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। बोर्ड के अनुसार, दसवीं कक्षा का इंटरनल असेसमेंट केवल एक बार आयोजित किया जाएगा। ऐसे में स्कूलों को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी विद्यार्थी का मूल्यांकन छूटने न पाए।
इसके अलावा, स्कूल प्रशासन को सभी छात्रों के अंक निर्धारित समय सीमा के भीतर सीबीएसई के पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही छात्रों के परीक्षा परिणाम को प्रभावित कर सकती है।
प्रैक्टिकल, थ्योरी और प्रोजेक्ट के अंकों की भी जानकारी
सीबीएसई की ओर से जारी सर्कुलर में विभिन्न विषयों के अधिकतम अंकों और मूल्यांकन के तरीके से जुड़ी जानकारी भी दी गई है। इसमें थ्योरी, प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट के लिए निर्धारित अंकों का विवरण शामिल है। साथ ही, बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि किन विषयों की प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए बाहरी परीक्षक (External Examiner) नियुक्त किए जाएंगे और किन विषयों में स्कूल के शिक्षक ही परीक्षा आयोजित करेंगे।
इसका उद्देश्य स्कूलों और शिक्षकों को मूल्यांकन की प्रक्रिया समझाना और अंकों को सही तरीके से बोर्ड पोर्टल पर अपलोड कराना है, ताकि बाद में नंबरों में संशोधन जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
बोर्ड परीक्षा की डेटशीट का इंतजार
प्रैक्टिकल परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी होने के बाद अब 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मुख्य बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट का इंतजार है। बोर्ड की ओर से थ्योरी परीक्षाओं की डेटशीट अलग से जारी की जाएगी। ऐसे में छात्रों को सलाह है कि वे सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट और अपने स्कूल से मिलने वाले अपडेट पर नजर बनाए रखें।
यह भी पढ़ें-
CBSE ने 2026-27 बैच के लिए कक्षा-9 के सिलेबस में किया बदलाव, CT और AI मॉड्यूल का पार्ट हटाया
CBSE क्लास 6 के छात्रों को बड़ी राहत! थ्री लैंग्वेज पॉलिसी पर सुप्रीम कोर्ट का अहम आदेश