1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. परीक्षा
  4. NEET-UG 2026 री-एग्जाम को लेकर तैयारी पूरी, जानें NTA ने क्या-क्या किए हैं इंतजाम; देशभर में आज होगी मॉक ड्रिल

NEET-UG 2026 री-एग्जाम को लेकर तैयारी पूरी, जानें NTA ने क्या-क्या किए हैं इंतजाम; देशभर में आज होगी मॉक ड्रिल

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 19, 2026 08:45 pm IST,  Updated : Jun 20, 2026 12:00 am IST

नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर एनटीए की तरफ से पूरी तैयारी कर ली गई है। इस बीच एनटीए ने बताया कि परीक्षा को लेकर क्या-क्या तैयारियां की गई हैं और किस तरह की सावधानी बरती जा रही है।

नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर तैयारी पूरी।- India TV Hindi
नीट यूजी री-एग्जाम को लेकर तैयारी पूरी। Image Source : PTI/FILE

नई दिल्ली: पिछले महीने हुई NEET (UG) 2026 की परीक्षा कैंसिल होने के बाद अब री-एग्जाम को लेकर एनटीए पूरी तैयारी में है। इस बार परीक्षा में कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए तमाम उपाय किए जा रहे हैं। ऐसे में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को होने वाली NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा को सुचारू और सुरक्षित ढंग से आयोजित करने के लिए कई उपाय किए हैं। इसके अलावा देशभर में आज परीक्षा को लेकर मॉक ड्रिल भी की जाएगी। एनटीए ने बताया कि कैंडिडेट, NEET (UG)-2026 री-एग्जाम से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000/011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा neetug2026@nta.ac.in पर ईमेल भी कर सकते हैं।

एनटीए ने क्या-क्या किए उपाय

  • शहर-स्तर के कामकाज की देखरेख के लिए 674 सिटी कोऑर्डिनेटर तैनात होंगे
  • परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र निगरानी के लिए 6,669 ऑब्जर्वर तैनात होंगे
  • हर परीक्षा केंद्र पर सेंटर सुपरिटेंडेंट और इनविजिलेटर तैनात होंगे
  • जिला प्रशासन, पुलिस बल और एस्कॉर्ट टीमें, खासकर गोपनीय सामग्री को सुरक्षित रूप से लाने-ले जाने के लिए तैनात रहेंगी
  • NTA ने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई स्तरों वाली सुरक्षा व्यवस्था लागू की है
  • सीलबंद प्रोटोकॉल के तहत तय जगहों तक गोपनीय सामग्री को पूरी तरह सुरक्षित तरीके से पहुंचाना होगा
  • परीक्षा सामग्री लाने-ले जाने के लिए पुलिस एस्कॉर्ट के साथ GPS-इनेबल्ड गाड़ियां होंगी
  • सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV निगरानी होगी, ​​जिसके फीड सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम से जुड़े होंगे
  • अंदर जाने से पहले हाई-सेंसिटिविटी मेटल डिटेक्टर से अनिवार्य जांच होगी
  • हर केंद्र पर ज़्यादा मैनपावर और बेहतर उपकरण होंगे
  • किसी और के परीक्षा देने को रोकने के लिए आधार-आधारित बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन होगा
  • सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल सिस्टम के जरिए रियल-टाइम मॉनिटरिंग होगी

छात्रों को सतर्क रहने की सलाह

एनटीए ने इससे पहले एक एडवाइजरी जारी कर छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी। जारी एडवाइजरी में कहा गया, "एनटीए कभी भी कोई पेमेंट नहीं मांगेगा, एग्जाम पेपर, आंसर की, या 'लीक' हुआ मटीरियल नहीं भेजेगा, या किसी लिंक के जरिए आपका एडमिट कार्ड शेयर नहीं करेगा। अगर आपको ऐसा कोई मैसेज मिले, तो क्लिक न करें। इसकी रिपोर्ट करें।" इसके अलावा, एनटीए ने बताया कि वह अब री-एग्जामिनेशन के लिए कैंडिडेट्स को सीधे व्हाट्सएप के जरिए एग्जाम अपडेट और सेंटर की जानकारी भेजेगा। कैंडिडेट्स को यह देखना चाहिए कि उन्हें मैसेज भेजने वाले के आगे ब्लू वेरिफाइड टिक और 'नेशनल टेस्टिंग एजेंसी' का नाम दिखे। एडवाइजरी में कहा गया है कि बिना ब्लू टिक वाले अकाउंट से कोई भी मैसेज एनटीए का नहीं है, भले ही उसमें उनका नाम इस्तेमाल किया गया हो।

यह भी पढ़ें-

NEET री-एग्जाम में स्टूडेंट क्या पहनें और क्या नहीं, परीक्षा हॉल में क्या चीजें ले जाने की है अनुमति? NTA ने जारी की गाइडलाइन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Exams से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें एजुकेशन