उत्तर प्रदेश में 10वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। हालांकि, महाकुंभ की भीड़ के चलते प्रयागराज में परीक्षा का आयोजन नहीं हो रहा है। प्रयागराज जिले में नौ मार्च को यह परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों पर फूल बरसाकर छात्रों का स्वागत किया गया। सोमवार से शुरू हो रही परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 54 लाख से ज्यादा छात्र हिस्सा ले रहे हैं। यूपी बोर्ड परीक्षाएं 24 फरवरी 2025 से शुरू होकर 12 मार्च 2025 तक चलेंगी। 10वीं और 12वीं की ये परीक्षाएं दो पाली में होंगी। पहली पाली में सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक और दूसरी पाली में देपहर 2 बजे से 5.15 बजे तक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
- Hindi News
- एजुकेशन
- परीक्षा
- UP Board Exam 2025: यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की पहले दिन की परीक्षा हुई खत्म
UP Board Exam 2025: यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की पहले दिन की परीक्षा हुई खत्म
यूपी बोर्ड परीक्षाएं 24 फरवरी 2025 से शुरू होकर 12 मार्च 2025 तक चलेंगी। 10वीं और 12वीं की ये परीक्षाएं दो पाली में होंगी। सोमवार से शुरू हो रही परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के 54 लाख से ज्यादा छात्र हिस्सा ले रहे हैं।
UP Board Exam
-
6:08 PM (IST) Feb 24, 2025
UP Board 10वीं और 12वीं की पहले दिन की परीक्षा खत्म
यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की पहले दिन की परीक्षा खत्म हो गई है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। इस साल यूपी बोर्ड कक्षा 10वीं, 12वीं की अंतिम परीक्षा देने के लिए 54 लाख से अधिक छात्र नामांकित हैं। इनमें हाईस्कूल (कक्षा 10) के लिए 27,41,674 छात्र और इंटरमीडिएट (कक्षा 12) परीक्षा के लिए 26,90,845 छात्र शामिल हैं।
-
2:16 PM (IST) Feb 24, 2025
परीक्षा देने से रोका तो छात्र ने किया सुसाइड
प्रतापगढ़ में एक छात्र ने परीक्षा देने से रोके जाने पर सुसाइड कर लिया। बताया जा रहा है कि छात्र की स्कूल फीस के 5000 रुपये बकाया था। इस वजह से स्कूल ने उसे परीक्षा देने से रोक दिया था।
-
1:38 PM (IST) Feb 24, 2025
बुलंदशहर में बच्चे को हाईस्कूल का पेपर दिलाने आई पत्नी व उसके प्रेमी पर पति ने चलाई गोली
बुलंदशहर में बच्चे को हाईस्कूल का पेपर दिलाने आई पत्नी और उसके प्रेमी पर पति ने गोलीबारी कर दी। मामला थाना खानपुर क्षेत्र के खिदरपुर सर्वोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के पास का है। आरोपियों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से महिला व प्रेमी गम्भीर रूप से घायल हो गए। बीते काफी दिनों से महिला अपने पति को छोड़ अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। एसपी सिटी समेत सीओ स्याना भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं।
-
12:21 PM (IST) Feb 24, 2025
दिव्यांग छात्र को गोद में ले गया सिपाही
ग्रेटर नोएडा के दादरी में अग्रसेन इंटर कालेज में बोर्ड परिक्षा देने आया एक छात्र दोनो पैरो से दिव्यांग था। ऐसे में सिपाही अमरदीप ढाका छात्र को परिक्षा कक्ष तक गोदी मे उठाकर ले गए।
-
11:48 AM (IST) Feb 24, 2025
पहली शिफ्ट में इन विषयों की परीक्षा
सोमवार (24 फरवरी) को पहली शिफ्ट में 10वीं कक्षा के छात्रों ने हिंदी और प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा दी। वहीं, 12वीं के छात्रों ने मिलिट्री साइंस की परीक्षा दी। दूसरे शिफ्ट में 10वीं के छात्र हेल्थकेयर और 12वीं के छात्र हिंदी की परीक्षा देंगे।
-
11:27 AM (IST) Feb 24, 2025
महराजगंज में 111 परीक्षा केंद्र
महराजगंज में नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। कुल 111 परीक्षा केंद्रों पर 72,606 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पूरे जिले को 4 जोन और 9 सेक्टरों में विभाजित करके निगरानी के लिए 111 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। हाई स्कूल में 40119 और इंटरमीडिएट में 32487 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए हर जोन के एसडीएम को जोनल और सेक्टर के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी और वाइस रिकॉर्डर से निगरानी की जा रही है, जो सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े है। शिक्षकों को डिजिटल आई कार्ड दिया गया है। परीक्षा केंद्र के 200 मीटर की परिधि में आने वाली सभी फोटो कापी की दुकानें बंद करा दी गई हैं।.
-
10:41 AM (IST) Feb 24, 2025
54 लाख छात्र देंगे परीक्षा
यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं की परीक्षा में कुल 54,37,233 छात्र शामिल होने के पात्र हैं। बोर्ड ने परीक्षा आयोजित करने के लिए राज्य में 8,140 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
-
9:37 AM (IST) Feb 24, 2025
कौशांबी में 44653 परीक्षार्थी
कौशांबी में यूपी बोर्ड की परीक्षा सुबह 8:30 से शुरू हो चुकी है। यहां 44653 परीक्षार्थी 84 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा दे रहे हैं। 10वीं की परीक्षा पहली पाली में 8:30 बजे से 11:45 बजे तक है। वहीं, 12वीं की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2 से शाम 5:15 बजे तक है। 10वीं के 23711 और 12वीं के 20942 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी ऑनलाइन हो रही है। DIOS कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। 84 स्टेटिक, 15 सेक्टर, 3 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। नकल रोकने के लिए 6 सचल दल का गठन किया गया है। 17 अतिसंवेदनशील जिलों में कौशांबी का नाम भी शामिल है।
-
9:22 AM (IST) Feb 24, 2025
गाजियाबाद में बनाए गए 66 सेंटर
गाजियाबाद में कुल 66 सेंटर बनाए गए हैं। यहां 53392 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। कुल 7 जोनल मजिस्ट्रेट और 20 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। कई स्कूलों में बोर्ड एग्जाम देने पहुंचे छात्रों के माथे पर टीका लगाकर और पुष्प वर्षा कर अध्यापकों ने स्वागत किया।
-
9:10 AM (IST) Feb 24, 2025
फूल बरसाकर किया छात्रों का स्वागत
यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं परीक्षा के पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर फूल बरसाकर छात्रों का स्वागत किया गया। बुलंदशहर में परीक्षा के पहले दिन परीक्षा केंद्र पर पहुंचे स्टूडेंट्स का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इसके बाद सीसीटीवी की निगरानी में यूपी बोर्ड की परीक्षा शुरू हुई। बोर्ड परीक्षा को लेकर छात्रों में भी उत्साह का माहौल देखा गया। सघन चेकिंग के बाद छात्रों को परीक्षा केंद्रों पर एंट्री दी गई। यह तस्वीर पहासू के राजकीय इंटर कॉलेज की है।