1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच पंजाब विश्वविद्यालय ने पोस्टपोन की परीक्षाएं, जानें क्या है पूरा मामला

छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच पंजाब विश्वविद्यालय ने पोस्टपोन की परीक्षाएं, जानें क्या है पूरा मामला

 Published : Nov 16, 2025 01:40 pm IST,  Updated : Nov 16, 2025 01:40 pm IST

पंजाब विश्वविद्यालय ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच 18 से 20 नवंबर तक होने वाली सभी परीक्षाओं को पोस्टपोन कर दिया है। जारी किए गए बयान के अनुसार, संशोधित तारीखों का विवरण यथासमय दिया जाएगा।

पंजाब विश्वविद्यालय ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच परीक्षाएं स्थगित कीं - India TV Hindi
पंजाब विश्वविद्यालय ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच परीक्षाएं स्थगित कीं Image Source : PUNJAB UNIVERSITY @PUCHD.AC.IN

पंजाब विश्वविद्यालय से एक बड़ी खबर सामने आई है। सीनेट चुनाव के मुद्दे पर जारी छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच पंजाब विश्वविद्यालय ने 18 से 20 नवंबर तक होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। एक बयान में पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) के परीक्षा नियंत्रक जगत भूषण ने बताया कि 18, 19 और 20 नवंबर को होने वाली परीक्षाओं की संशोधित तिथियों की सूचना यथासमय दी जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे जानकारी के लिए नियमित रूप से विश्वविद्यालय के आधिकारिक चैनल देखते रहें। 

यह घटनाक्रम सीनेट चुनावों की घोषणा की मांग को लेकर पीयू के छात्रों द्वारा जारी विरोध प्रदर्शन के बीच हुआ है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने 18 नवंबर से शुरू होने वाली परीक्षाओं का सीनेट चुनाव का कार्यक्रम घोषित किए जाने तक बहिष्कार करने की घोषणा पहले ही कर दी है। उन्होंने यह भी धमकी दी है कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे परीक्षा नहीं होने देंगे।

पीयूसीएससी उपाध्यक्ष ने किया था ये दावा 

बता दें कि पंजाब विश्वविद्यालय के छात्रों ने सीनेट चुनाव की घोषणा की मांग को लेकर परिसर में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते कुछ दिन पहले सुरक्षा कर्मियों ने व्यवस्था बहाल करने के लिए हल्का लाठीचार्ज भी किया था। परिसर में प्रवेश करना चाह रहे कई छात्र पुलिसकर्मियों से बहस करते और "चंडीगढ़ पुलिस वापस जाओ" जैसे नारे लगाते दिखे थे। 'पंजाब विश्वविद्यालय बचाओ मोर्चा' के बैनर तले विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ किसान नेता भी शामिल हो गए थे, जिन्होंने चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर लगाए गए पुलिस बैरिकेड तोड़ दिये थे। पंजाब विश्वविद्यालय कैंपस छात्र परिषद (पीयूसीएससी) उपाध्यक्ष अश्मीत सिंह ने दावा किया था कि कई छात्रों को पंजाब विश्वविद्यालय में प्रवेश से वंचित किया जा रहा है। छात्र नेता अभिषेक डागर ने कहा था कि विरोध प्रदर्शन सीनेट चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने तक जारी रहेगा। (पीटीआई इनपुट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। एजुकेशन से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।