1. Hindi News
  2. एजुकेशन
  3. रिजल्ट्स
  4. NTA ने जारी किया UGC-NET का रिजल्ट, 4000 से ज्यादा छात्र JRF के लिए क्वालिफाई

NTA ने जारी किया UGC-NET का रिजल्ट, 4000 से ज्यादा छात्र JRF के लिए क्वालिफाई

 Written By: Shakti Singh
 Published : Aug 29, 2026 06:51 am IST,  Updated : Aug 29, 2026 07:16 am IST

एनटीए ने अंग्रेजी, कॉमर्स और समाजशास्त्र की परीक्षा रद्द कर दी थी और इन विषयों की परीक्षा दोबारा ली जाएगी। वहीं, अन्य सभी विषयों के रिजल्ट जारी कर दिए गए हैं।

ugc net result- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शुक्रवार देर रात यूजीसी नेट का रिजल्ट जारी कर दिया। एजेंसी ने बताया कि 84 विषयों के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। इस परीक्षा में शामिल होने वाले 4,000 से ज्यादा अभ्यर्थियों ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के लिए क्वालिफाई कर लिया है। एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''84 विषयों की परीक्षा में शामिल हुए 6.07 लाख अभ्यर्थियों में से 97,000 से अधिक ने पीएचडी में दाखिले के लिए और 4,000 से अधिक ने जेआरएफ के लिए अर्हता हासिल की है।'' उम्मीदवार अपने एप्लीकेशन नंबर के जरिए आधिकारिक वेबसाइट https://ugcnet.nta.nic.in पर लॉग इन कर सकते हैं और अपना स्कोरकार्ड हासिल कर सकते हैं।

एनटीए ने इस साल जून में अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का आदेश दिया था। यह फैसला एक विशेषज्ञ समिति को प्रश्नपत्रों में तथ्यात्मक, टाइपिंग, अनुवाद और भाषा संबंधी गलतियां मिलने के बाद किया गया था। इन विषयों की परीक्षा सितंबर में होने वाली है। एनटीए ने बताया है कि अगर इन विषयों की परीक्षा देने वाले लोग रिजल्ट चेक करते हैं तो इनवैलिड पासवर्ड का मैसेज आ सकता है।

एनटीए ने एक्स पर दी जानकारी

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने रिजल्ट जारी करने की जानकारी एक्स पोस्ट पर दी। एजेंसी ने लिखा, "नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने आज, 28 अगस्त 2026 को 84 सब्जेक्ट्स के लिए UGC-NET जून 2026 के रिजल्ट घोषित कर दिए हैं। रिजल्ट/स्कोर कार्ड ऑफिशियल UGC-NET वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। कैंडिडेट्स अपना स्कोर कार्ड देखने, डाउनलोड करने और प्रिंट करने के लिए https://ugcnet.nta.nic.in पर लॉग इन कर सकते हैं।"

9 और 10 सितंबर को होगा रीएग्जाम

एनटीए ने अपने पोस्ट में यह भी बताया है कि जिन तीन विषयों का रिजल्ट जारी नहीं किया गया है, उनकी परीक्षा सितंबर के दूसरे सप्ताह में होगी। एजेंसी ने लिखा, "इंग्लिश, कॉमर्स और सोशियोलॉजी सब्जेक्ट्स के कैंडिडेट्स, जिनके एग्जाम 09 और 10 सितंबर 2026 को दोबारा होने वाले हैं, अगर वे UGC-NET जून 2026 स्कोरकार्ड एक्सेस करने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें "इनवैलिड एप्लीकेशन नंबर/पासवर्ड" मैसेज मिल सकता है। इन कैंडिडेट्स का स्कोरकार्ड/रिजल्ट उनके एग्जाम के दोबारा होने के बाद ही उपलब्ध कराया जाएगा।"

यह भी पढ़ें-

बोर्ड, JEE और NEET उम्मीदवारों के लिए खुशखबरी! बिहार सरकार ने लॉन्च किया 'विद्या साथी' शिक्षक सहायता ऐप; ये होंगे फायदे

डाक विभाग में निकली 25 हजार से ज्यादा नौकरी, योग्यता, लास्ट डेट्स और आवेदन कैसे करें; यहां जानें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Results से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें एजुकेशन